April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘6 महीने में मणिपुर हो जाएगा शांत…कुकी समुदाय के लिए अलग प्रशासन नहीं होगा…’,

इंफाल। मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह ने उम्मीद जताई है कि 6 महीने में राज्य में हिंसा खत्म हो जाएगी। न्यूज एजेंसी पीटीआई से खास बातचीत में बीरेन सिंह ने ये भी साफ कर दिया कि मणिपुर के पहाड़ी इलाकों में बसने वाले कुकी समुदाय के लिए अलग से प्रशासन की व्यवस्था नहीं की जाएगी। एन. बीरेन सिंह ने साफ तौर पर मैतेई समुदाय के चरमपंथियों को भी संघर्ष से पीछे हटने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में सरकार देशविरोधी और सांप्रदायिक कदमों को मंजूर नहीं कर सकती।

अपने खास इंटरव्यू में एन. बीरेन सिंह ने कहा कि वो कोई चोर या भ्रष्टाचार में लिप्त नेता नहीं हैं। बीरेन सिंह ने साफ कहा कि वो मणिपुर के सीएम पद से इस्तीफा नहीं देने जा रहे। मणिपुर के सीएम बीरेन सिंह ने कहा कि उनको पूरा भरोसा है कि राज्य में शांति और समुदायों के बीच बेहतर रिश्ते बनेंगे। बीरेन सिंह ने कहा कि कुकी और मैतेई समुदायों के विधायकों ने मुलाकात की है। उन्होंने ये भी कहा कि मणिपुर के इन दोनों समुदायों के लोगों से वो खुद बातचीत करते हैं। बीरेन सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी के मणिपुर न आने के बारे में विपक्ष के हमलों पर कहा कि पीएम मोदी भले नहीं आए, लेकिन उन्होंने संसद और लाल किले से इस बारे में चिंता जताई। साथ ही गृहमंत्री अमित शाह को भी यहां शांति स्थापना के लिए भेजा।

मणिपुर में एक साल से भी ज्यादा वक्त से कुकी और मैतेई समुदायों में संघर्ष चल रहा है। आरक्षण के बारे में मणिपुर हाईकोर्ट के एक फैसले का मैतेई समुदाय ने विरोध शुरू किया और इसके बाद ही कुकी समुदाय के साथ संघर्ष की घटना हुई। इस दौरान कुकी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद विपक्ष ने मोदी सरकार और बीजेपी पर जोरदार निशाना साधा। पीएम मोदी के मणिपुर का दौरा न करने का मुद्दा अब भी कांग्रेस समेत विपक्षी दल उठाते रहते हैं।