‘ममता बनर्जी का बेटा या बेटी नहीं है…वो बच्चा गंवाने का दर्द नहीं समझ सकतीं…’, रेप और हत्या का शिकार हुई डॉक्टर की मां बोलीं
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जिन डॉक्टर की रेप के बाद हत्या हुई थी, उनके माता-पिता ने सीएम ममता बनर्जी को निशाने पर लिया है। डॉक्टर की मां ने मीडिया से कहा कि सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि परिवार न्याय नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के बेटा या बेटी नहीं हैं। इस वजह से वो बच्चा गंवाने का दर्द नहीं समझ सकतीं। डॉक्टर की मां ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी के बयान से हमें बहुत दुख हुआ है। उन्होंने डॉक्टर को न्याय के लिए आंदोलन करने वालों से इसे जारी रखने के लिए भी कहा। डॉक्टर की मां ने कहा कि पूरी दुनिया मेरी बेटी के साथ खड़ी है।
वहीं, रेप और हत्या का शिकार हुई डॉक्टर के पिता ने सफाई दी है कि उनको नहीं पता कि न्यूज चैनलों में परिवार और आरजी कर मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट के बीच फोन पर हुई बातचीत किस तरह वायरल हुई। उन्होंने कहा कि इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेते हैं। ये पूछे जाने पर कि क्या कॉल में उनकी आवाज है, डॉक्टर के पिता ने कहा कि आप ऐसा कह रहे हैं, लेकिन मैं ऐसा नहीं पाता। उधर, कोलकाता पुलिस में सेंट्रल डिविजन की डिप्टी कमिश्नर इंदिरा मुखर्जी ने मीडिया से कहा कि कई चैनलों ने ऑडियो क्लिप चलाई है। कोलकाता पुलिस ने कभी नहीं कहा कि डॉक्टर ने सुसाइड किया था।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में पीजी की पढ़ाई कर रही डॉक्टर से 8 और 9 अगस्त की दरम्यानी रात रेप किया गया था। इसके बाद डॉक्टर की हत्या की गई थी। इस मामले में कोलकाता पुलिस ने अपने सिविक वॉलेंटियर संजय राय को गिरफ्तार किया था। बाद में कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। सीबीआई के मुताबिक अभी तक संजय राय ही एकमात्र आरोपी है। हालांकि, मामले की तह तक जाने के लिए जांच जारी है। इस मामले में सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष से भी कई बार पूछताछ की है। संदीप घोष के कथित भ्रष्टाचार की जांच भी सीबीआई कर रही है।
