हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए एक साथ सभी प्रत्याशियों के नाम का एलान कर सकती है बीजेपी
नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी सभी उम्मीदवारों के नाम का एलान एक साथ कर सकती है। मीडिया की खबरों के मुताबिक बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की गुरुवार को बैठक में 55 प्रत्याशियों के नाम पर सहमति बनी है। अब बाकी 35 उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए आज दूसरे दौर की बैठक हो सकती है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति में पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में प्रत्याशियों के नामों पर फैसला हो रहा है।
बीजेपी की हरियाणा में लगातार 10 साल से सरकार है। चर्चा है कि बीजेपी इस बार अपने 50 से 60 फीसदी पुराने विधायकों के टिकट काट सकती है। ऐसा करके बीजेपी जनता के बीच बदलाव के अपने एजेंडे के साथ जाएगी और तीसरी बार हरियाणा के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। बीजेपी की तरफ से मनोहर लाल खट्टर को हरियाणा के सीएम पद से हटाकर लोकसभा चुनाव लड़ाया गया था और जीत के बाद खट्टर को मंत्री बनाया गया। वहीं, सांसद रहे नायब सिंह सैनी को बीजेपी ने हरियाणा का सीएम बनाया। अब खबर है कि बीजेपी हरियाणा में किसी सांसद को विधानसभा चुनाव नहीं लड़ाएगी।
बीजेपी के मुकाबले हरियाणा में कांग्रेस और दुष्यंत चौटाला की जेजेपी है। वहीं, बीएसपी और आईएनएलडी भी मिलकर हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी भी हरियाणा विधानसभा चुनाव के मैदान में हैं। ऐसे में तमाम सीटों पर कई कोण का मुकाबला देखने को मिलने जा रहा है। हरियाणा विधानसभा चुनाव 1 अक्टूबर को कराने का फैसला चुनाव आयोग ने किया था, लेकिन बीजेपी ने इस तारीख को बदलने की मांग की है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 अक्टूबर को घोषित किए जाने हैं। उस तारीख को पता चलेगा कि बीजेपी एक बार फिर हरियाणा की सत्ता पर काबिज हो पाती है या किसी और को यहां की सत्ता हासिल होती है।
