इन तीन राज्यों को मिलने जा रहा वंदे भारत एक्सप्रेस का तोहफा, PM मोदी आज दिखाएंगे हरी झंडी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने वाले है। ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में चलेंगी। यह घोषणा प्रधानमंत्री ने दिल्ली के भारत मंडपम में जिला न्यायपालिका के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान करेंगे। इस मौके पर पीएम मोदी ने सुप्रीम कोर्ट की स्थापना के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे।
तीन नई वंदे भारत ट्रेनें
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने जानकारी दी कि तीन नई वंदे भारत ट्रेनों का रूट मेरठ-लखनऊ, मदुरै-बेंगलुरु और चेन्नई-नागरकोइल होगा। मेरठ सिटी-लखनऊ वंदे भारत ट्रेन यात्रियों का वर्तमान में दोनों शहरों के बीच सबसे तेज ट्रेन की तुलना में लगभग एक घंटा बचाएगी। चेन्नई एग्मोर-नागरकोइल और मदुरै-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेनें भी यात्रा के समय को दो घंटे से अधिक समय तक कम करेंगी।
रेल सेवा का नया मानक
नई वंदे भारत ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में यात्रियों को तेज और आरामदायक यात्रा के साधन मिलेंगे। इन ट्रेनों में सेमी-हाई स्पीड संचालन की सुविधा है, जो 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं। ये ट्रेनें स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित की गई हैं और ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की पहल का हिस्सा हैं।
क्या रहेगी इन वंदे भारत ट्रेन की टाइमिंग
दक्षिण रेलवे के अनुसार, चेन्नई-नागरकोइल वंदे भारत एक्सप्रेस डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से सुबह 5 बजे रवाना होगी और उसी दिन अपराह्न 1:50 बजे नागरकोइल पहुंचेगी। वहीं, मदुरै-बेंगलुरु वंदे भारत सेवा सुबह 5:15 बजे मदुरै से रवाना होगी और अपराह्न 1 बजे बेंगलुरु छावनी पहुंचेगी।
ये नई ट्रेनें यात्रियों, पेशेवरों, व्यापारियों और छात्र समुदायों की आवश्यकताओं को पूरा करेंगी, जिससे यात्रा अधिक सुविधाजनक और तेज होगी। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में अत्याधुनिक सुविधाएं और सुरक्षा मानक स्थापित किए गए हैं, जो यात्रियों को एक विश्व स्तरीय रेल यात्रा का अनुभव प्रदान करते हैं।
