April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

क्या कांग्रेस में भी होता है कास्टिंग काउच? आरोप लगाने वाली महिला नेता को पार्टी ने बाहर निकाला

नई दिल्ली। फिल्मी दुनिया में कास्टिंग काउच की खबरें तो कई बार सामने आती रहती हैं मगर इस बार मामला राजनीति की दुनिया से जुड़ा हुआ है। दरअसल केरल कांग्रेस की एक महिला नेता ने आरोप लगाया है कई बार महिलाओं को पार्टी में भी कास्टिंग काउच जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। एर्नाकुलम की कांग्रेस नेता सिमी रोजबेल जॉन ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में दावा किया कि कांग्रेस की कई महिला नेताओं ने अपने साथ हुए बुरे अनुभवों को उनसे साझा किया है। हालांकि इस तरह के गंभीर आरोप लगाने के बाद सिमी रोजबेल जॉन पर केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से कार्रवाई करते हुए उनको पार्टी से निकाल दिया गया है।

केरल कांग्रेस का कहना है कि सिमी ने विरोधियों से साथ मिलकर पार्टी को बदनाम करने के लिए इस तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं। सिमी रोजबेल ने कहा था कि हर क्षेत्र में महिलाओं का शोषण हो रहा है, चाहे वो फिल्मी दुनिया हो राजनीति। उन्होंने कहा कि राजनीति में भी महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए टैलेंट से काम नहीं चलता, बल्कि कई बार पुरुष नेताओं को इंप्रेस करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा पार्टी की महिला सदस्यों को सलाह देती हूं कि वो पुरुष नेताओं से मिलने अकेले न जाएं।

सिमी रोजबेल ने यह भी दावा किया मेरे पास ऐसे कई सबूत हैं जिनको उचित समय आने पर सबके सामने रखूंगी। दूसरी तरफ केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी विज्ञप्ति में इन सभी आरोपों को बेबुनियाद और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से प्रेरित बताया गया है। पार्टी का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला नेताओं, पदाधिकारियों ने मिलकर सिमी रोजबेल की शिकायत की। महिला नेताओं का कहना है कि इस तरह के अनर्गल बयानों से उनके चरित्र पर उंगली उठ रही है, इसलिए सिमी पर कार्रवाई की जानी चाहिए।