April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

डॉक्टर रेप और हत्या मामले का आरोपी खुद को बता रहा बेगुनाह, वकील के मुताबिक पीड़ित पहले से खून से थी लथपथ; उसे देखकर भाग गया था संजय राय

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले में माहौल गर्माया हुआ है। इस मामले की सीबीआई जांच चल रही है। कोलकाता पुलिस ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के रेप और हत्या केस में आरोपी संजय राय को गिरफ्तार किया था। उससे सीबीआई ने भी पूछताछ की। पूछताछ में संजय राय ने दावा किया कि उसने डॉक्टर से रेप के बाद हत्या नहीं की। अब अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने खबर दी है कि संजय राय ने अपनी वकील से कहा है कि उसे इस मामले में फंसाया जा रहा है।

अखबार की खबर के मुताबिक संजय राय ने अपनी वकील कविता सरकार से कहा है कि वो निर्दोष है। सीबीआई ने संजय राय के बयान की तस्दीक के लिए पॉलीग्राफ टेस्ट भी कराया था। पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान संजय राय ने दावा किया कि 8 और 9 अगस्त की दरम्यानी रात वो आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमीनार हॉल में गया था। वहां उसने महिला डॉक्टर को खून से लथपथ देखा।

संजय राय की वकील के मुताबिक उनका मुवक्किल घबराहट में कमरे से भागा और इसी दौरान उसका ब्लूटूथ बैंड वहां गिर गया। संजय राय ने पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान ये भी बताया कि वो डॉक्टर को नहीं जानता था। सीबीआई ने जब उससे पूछा कि इस बारे में उसने पुलिस को क्यों नहीं बताया, तो संजय राय का कहना था कि उसे लगता था कि कोई उसकी बात पर भरोसा नहीं करेगा।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के रेप और हत्या की वारदात के बाद संजय राय मौके से भाग गया था और एक एएसआई के बैरक में जाकर सो गया था। संजय राय कोलकाता पुलिस में सिविक वॉलेंटियर था। उसे पुलिस की बाइक भी मिली हुई थी। घटना से पहले वो अपने एक दोस्त के साथ कोलकाता के रेड लाइट इलाके भी गया था। पहले ये खबर आई थी कि संजय राय ने अपने दोस्त के साथ बाइक पर जाते वक्त एक युवती से छेड़छाड़ भी की थी।