August 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

न्यूयॉर्क में यहूदियों के नरसंहार की बड़ी साजिश का भंडाफोड़, कनाडा से पाकिस्तानी आतंकी मुहम्मद शाहजेब गिरफ्तार

वॉशिंगटन। कनाडा में पाकिस्तानी नागरिक मुहम्मद शाहजेब खान को गिरफ्तार किया गया है। मुहम्मद शाहजेब खान पर आरोप है कि उसने अमेरिका के न्यूयॉर्क में आतंकी हमले की साजिश रची थी। पाकिस्तानी नागरिक मुहम्मद शाहजेब खान पर इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड अल-शाम को आतंकी गतिविधियों के लिए सामग्री देने का भी गंभीर आरोप लगा है। अगर ये आरोप साबित हो जाते हैं, तो मुहम्मद शाहजेब खान को 20 साल तक की सजा हो सकती है।

अमेरिका के अटॉर्नी जनरल मेरिक बी. गारलैंड के मुताबिक मुहम्मद शाहबेज खान 20 साल का है। उसने यहूदियों का नरसंहार करने के लिए 7 अक्टूबर 2024 को न्यूयॉर्क में आतंकी हमले की साजिश रची थी। वहीं, अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई के डायरेक्टर क्रिस्टोफर रे का कहना है कि मुहम्मद शाहजेब खान इजरायल पर हमास के हमले की बरसी पर यहूदियों को मारने की साजिश रच रहा था। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी नागरिक मुहम्मद शाहबेज खान ने 2023 के नवंबर में इस्लामिक स्टेट के लिए समर्थन वाले पोस्ट करने शुरू किए। उसने इस आतंकी संगठन का प्रचार करने वाले साहित्य और वीडियो भी बांटे। न्यूयॉर्क में यहूदियों पर आतंकी हमले की साजिश रचने का पता उस वक्त चला, जब मुहम्मद शाहजेब खान ने कानून का पालन कराने वाले दो अंडरकवर अफसरों से इस बारे में बातचीत की।

अमेरिकी खुफिया अफसरों के मुताबिक शाहजेब खान ने अंडरकवर अफसरों को गोला-बारूद और एआर असॉल्ट रायफलें जुटाने को कहा। इसके अलावा हमले की जगहों की रेकी करने का भी इन अफसरों को निर्देश दिया। मुहम्मद शाहजेब खान ने अफसरों से कहा कि यहूदियों पर आतंकी हमले के लिए 7 और 11 अक्टूबर की तारीख सबसे अच्छे रहेंगे। 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमास के हमले की बरसी है। वहीं, 11 अक्टूबर को यहूदी योम किप्पुर नाम का धार्मिक पर्व मनाते हैं। जाहिर है, इन तारीखों पर अपने धार्मिक स्थलों पर यहूदियों के बड़ी तादाद में शामिल होने की संभावना है और इसी वजह से शाहजेब खान ने उन पर हमला करने के वास्ते इन दो तारीखों को तय किया था।