May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर के बिना ही धरती पर लौटा स्टारलाइनर, अब इन दोनों की अंतरिक्ष से कैसे होगी वापसी?

नई दिल्ली। पिछले कई दिनों से इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में फंसी भारतीय मूल की अमेरिकी एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को लेकर जाने वाला स्टारलाइनर यान इन दोनों के बिना ही धरती पर वापस आ गया है। भारतीय समयानुसार 9 बजकर 32 मिनट पर अमेरिका में न्यू मैक्सिको के व्हॉइट सैंड स्पेस हॉर्बर (रेगिस्तान) में पैराशूट की मदद से स्टारलाइनर की सफल लैंडिंग कराई गई। स्टारलाइनर के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना होने के बाद सुनीता विलियम्स ने रेडियो मैसेज में कहा, वह अपने घर जा रहा है।

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने बोइंग कंपनी के साथ मिलकर स्टारलाइनर यान का निर्माण किया था। इसी यान से सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को इसी साल जून में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजा गया था। 8 दिन बाद इन दोनों अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी होनी थी, मगर स्टारलाइनर में तकनीकी खराबी आ गई। उससे हीलियम का रिसाव होने लगा। इस कारण धीरे-धीरे सुनीता और बुच की वापसी टलती गई और अब इन दोनों के बिना ही स्टारलाइनर को वापस बुलाया गया गया है। नासा के अधिकारियों ने बताया कि अब स्टारलाइनर को जांच के लिए भेजा जाएगा। हम जल्द ही यह पता लगा पाएंगे कि इस अंतरिक्षयान में किस वजह से तकनीकी दिक्कत हुई।

नासा का कहना है कि दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को स्टारलाइनर से वापस लाना बहुत जोखिम भरा था क्योंकि उसकी सफल लैंडिंग को लेकर हम पूरी तरह आश्वश्त नहीं थे। वहीं स्टारलाइनर की धरती पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद सुनीता विलियम्स ने एक और रेडियो मैसेज भेजा। सुनीता ने खुशी जताते हुए अपनी टीम की प्रशंसा की और कहा, आप लोग बेहतरीन हैं।

सुनीता और बुच की ऐसे होगी वापसी
सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर धरती पर सुरक्षित वापस लाने के लिए एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स का यान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजा जाएगा। इस स्पेस क्राफ्ट से ही इन दोनों को धरती पर लाया जाएगा मगर इसमें फरवरी तक का समय लगेगा। इस मतलब यह हुआ कि दोनों को अभी कई महीने अंतरिक्ष में बिताने होंगे।