आम आदमी पार्टी के नेताओं को लेकर ये क्या बोल गए कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सीएम पद से इस्तीफा देने वाले बयान पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पैसा बनाने की कंपनी है। आम आदमी पार्टी एक व्यापारिक कंपनी है। यह सत्ता का हस्तांतरण नहीं है, बल्कि एक व्यापारिक कंपनी के शेयरों का हस्तांतरण है। इतना ही नहीं उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं को केजरीवाल के घर का नौकर तक कह दिया।
संदीप दीक्षित ने कहा कि जब किसी राजनीतिक दल में सत्ता परिवर्तन होता है, नेतृत्व परिवर्तन होता है, तो राजनीतिक फैसला इस हिसाब से लिया जाता है कि कौन पार्टी बड़ा नेता है, जनता के बीच किसका प्रभाव है। जबकि आम आदमी पार्टी में सिर्फ केजरीवाल हैं, बाकी लोग, (इस शब्द का इस्तेमाल करने के लिए मैं माफी चाहते हूं), घरेलू नौकरों की तरह हैं। केजरीवाल को अपने नौकरों में चुनना हैं। केजरीवाल को सोचना होगा कि अब कौन ऐसा व्यक्ति आएगा जो फाइलें दबा के रखे, सूचनाएं बाहर न जाने दे, आप नेताओं की जो कमाई चल रही है उसे सतत चलाता रहे। आम आदमी पार्टी पैसा बनाने की कंपनी है। केजरीवाल चाहते हैं कि शेयर तो मेरे नाम पर रहें लेकिन रजिस्ट्री किसी और के नाम की हो।
अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली में जल्द चुनाव कराने के पक्ष में दिए गए बयान पर कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने कहा कि सिस्टम इस तरह से काम करता है कि अगर आप चाहते हैं कि दिल्ली विधानसभा भंग हो जाए, तो मुख्यमंत्री और कैबिनेट के इस्तीफे से भी तुरंत चुनाव नहीं होते। उसके बाद एलजी और राज्यपाल के पास नई सरकार बनाने की संभावना तलाशने का विकल्प होता है। अगर उन्हें ऐसी संभावना दिखती है, तो वो विधानसभा भंग किए बिना राष्ट्रपति शासन की घोषणा भी कर सकते हैं। अगर मुख्यमंत्री जल्द चुनाव चाहते हैं, तो उन्हें कैबिनेट की बैठक बुलानी चाहिए, एलजी से विधानसभा भंग करने का अनुरोध करने का फैसला करना चाहिए और जल्द से जल्द चुनाव कराने की मांग करनी चाहिए।
