टीएमसी के विधायक सुदीप्तो रॉय के घर ईडी का छापा, आरजी कर मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार के मामले में जांच एजेंसी का एक्शन
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार के मामले में ईडी ने ममता बनर्जी की टीएमसी के विधायक सुदीप्तो रॉय के यहां छापा मारा। सुदीप्तो रॉय से बीते दिनों सीबीआई ने इस मामले में लंबी पूछताछ भी की थी। सुदीप्तो रॉय पेशे से डॉक्टर हैं। वो बंगाल की श्रीरामपुर सीट से टीएमसी के विधायक चुने जाते रहे हैं। कोलकाता में उनका घर सिंथी इलाके में है। सुदीप्तो रॉय के अलावा आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के फार्म हाउस पर भी ईडी ने छापा मारा।
सुदीप्तो रॉय से पहले ईडी ने संदीप घोष और उनके पिता के घरों पर छापा मारा था। आरजी कर मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार के मामले में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग की छानबीन कर रही है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल संदीप घोष के अलावा सीबीआई ने पहले इस मामले में 4 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक दवा कारोबारी है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट में पूर्व डिप्टी सुपरिंटेंडेट अख्तर अली ने याचिका दाखिल की थी। इस याचिका पर सुनवाई के बाद कलकत्ता हाईकोर्ट ने संदीप घोष की तरफ से किए गए कथित भ्रष्टाचार की जांच का काम सीबीआई को सौंपा था।
आरजी कर में भ्रष्टाचार और डॉक्टरों की धमकी देने व उनको पास कराने के लिए पैसे लेने का आरोप संदीप घोष पर लगा। यहां तक कि शवों को भी बिना मंजूरी चीरफाड़ के लिए विभागों को दिए जाने का आरोप संदीप पर लगाया गया। इस मामले में बीते दिनों एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हुई थी। इसमें कथित तौर पर संदीप घोष एक जूनियर डॉक्टर को अर्दब में लेता बताया गया। आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर की रेप के बाद हत्या हुई थी। 8 और 9 अगस्त की दरम्यानी रात हत्या के बाद ही संदीप घोष पर तमाम आरोप लगे थे। इनमें भ्रष्टाचार का आरोप भी था। सीबीआई ने संदीप घोष पर ये आरोप भी लगाया है कि डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले को उन्होंने खुदकुशी बताने की कोशिश की और घटना की जानकारी देर से पुलिस को दी।
