आरजी कर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने आंदोलन खत्म करने से कर दिया मना, अब रख दी ये शर्त
कोलकाता। सीएम ममता बनर्जी से बैठक के बाद भी पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने आंदोलन खत्म न करने का फैसला किया है। आंदोलन कर रहे जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि उनका आंदोलन उस वक्त तक जारी रहेगा, जब तक कि सभी मांगों को ममता बनर्जी की सरकार मान नहीं लेती। मंगलवार देर रात तक जूनियर डॉक्टरों ने आम सभा की बैठक की। इसके बाद उन्होंने आंदोलन जारी रखने और काम न करने का एलान किया। जूनियर डॉक्टरों ने कहा है कि वे सरकार के साथ नए सिरे से बातचीत करना चाहते हैं।
जूनियर डॉक्टरों ने कोलकाता के पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल की जगह मनोज वर्मा की नियुक्ति के साथ डीसी नॉर्थ और स्वास्थ्य विभाग के 2 अफसरों को हटाने के ममता बनर्जी के फैसले को अपनी आंशिक जीत बताया। आंदोलनकारी डॉक्टरों ने पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य सचिव को भी हटाने की मांग की है। डॉक्टरों का कहना है कि ममता बनर्जी ने बातचीत के दौरान उनकी इस मांग पर कदम उठाने का भरोसा दिया था। डॉक्टरों ने कहा है कि वे एक बार फिर सीएम ममता बनर्जी से बात करना चाहते हैं और इसके लिए वक्त मांगेंगे। आरजी कर मेडिकल कॉलेज के आंदोलनकारी डॉक्टर ये भी जानना चाहते हैं कि उनकी सुरक्षा के लिए ममता बनर्जी ने जो 100 करोड़ रुपए से आधारभूत संरचना बनाने की बात की है, उसे उनकी सरकार किस तरह खर्च करेगी? इसके साथ ही आंदोलनकारी डॉक्टर टास्क फोर्स बनाने की अधिसूचना तुरंत जारी करने की मांग पर भी अड़े हैं।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की हड़ताल 9 अगस्त से ही चल रही है। मेडिकल कॉलेज में 8 और 9 अगस्त की दरम्यानी रात एक डॉक्टर की रेप के बाद हत्या हुई थी। इस मामले में डॉक्टरों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के तब प्रिंसिपल रहे संदीप घोष पर कई आरोप लगाए थे। साथ ही अपनी सुरक्षा न होने की बात कहकर वे हड़ताल पर चले गए और तभी से आंदोलन कर रहे हैं। वहीं, सीएम ममता बनर्जी कई बार डॉक्टरों से काम पर लौटने को कह चुकी हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी आंदोलनकारी डॉक्टरों से काम पर लौटने के लिए कहा था। आंदोलनकारी डॉक्टरों ने सोमवार को सीएम ममता से बात के बाद कहा था कि मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई के बाद वे फैसला लेंगे, लेकिन अब उन्होंने सभी मांगों को पूरा होने पर ही आरजी कर मेडिकल कॉलेज में फिर से काम करने की शर्त रख दी है।
