February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी की 10 विधानसभा सीट के उप चुनाव में सहयोगी सपा को झटका देने के मूड में कांग्रेस?

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी यानी सपा और कांग्रेस इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं। लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने यूपी में सीटों का बंटवारा भी किया था। अब सपा और कांग्रेस के बीच यूपी की 10 विधानसभा सीटों के मसले पर टकराव भी देखने को मिल सकता है। यूपी की जिन 10 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव होने हैं, वहां के लिए कांग्रेस ने रैली की प्रस्तावित तारीख और मीडिया इंचार्ज के नाम का एलान किया है। इससे ये संकेत मिलते हैं कि यूपी की इन सभी 10 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतार सकती है। वहीं, अखिलेश यादव पहले ही कहते रहे हैं कि यूपी की इन 10 विधानसभा सीटों के उप चुनाव में बीजेपी को पटकनी देंगे।

यूपी में मिर्जापुर की मझवां, प्रयागराज की फूलपुर, मुजफ्फरनगर की मीरापुर, कानपुर की सीसामऊ, अलीगढ़ की खैर सीट, मैनपुरी की करहल, मुरादाबाद की कुंदरकी, अयोध्या की मिल्कीपुर, अंबेडकरनगर की कटेहरी और गाजियाबाद विधानसभा सीट पर उप चुनाव होने हैं। हालांकि, अभी चुनाव आयोग ने इन सीटों पर उप चुनाव की तारीखों का एलान नहीं किया है। वहीं, कांग्रेस ने इन सीटों पर प्रस्तावित तारीख और मीडिया इंचार्ज का एलान कर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। ऐसे में सबकी नजर इस पर है कि कांग्रेस के इस कदम पर सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव का क्या रुख सामने आता है। अगर सपा और कांग्रेस के बीच इन 10 विधानसभा सीट पर समझौता नहीं हुआ, तो यहां उप चुनाव में बहुकोणीय मुकाबला दिखना तय है।

यूपी में जिन 10 विधानसभा सीट पर उप चुनाव होने हैं, उनमें से सपा ने पिछली बार 5 हासिल की थीं। बीजेपी के पास 3, निषाद पार्टी के पास 1 और 1 सीट पर अजित सिंह की आरएलडी ने जीत दर्ज की थी। अजित सिंह तब सपा के साथ थे और अब बीजेपी के पाले में जाकर एनडीए का हिस्सा हैं। निषाद पार्टी भी बीजेपी के साथ गठबंधन में है। अगर सपा और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनाव में गठबंधन की बात करें, तो सीट बंटवारे पर दोनों के बीच लंबी चर्चा चली थी। जिसके बाद सपा ने कांग्रेस को 17 सीटें दी थीं। कांग्रेस इनमें से 6 सीटें जीत सकी थी।