1 नंबर से 41 नंबर पर पहुंचे अरविंद केजरीवाल, जानिए क्या है मामला?
नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल कथित शराब घोटाला के आरोप में 7 महीने तिहाड़ जेल में रहे। ईडी के हाथ गिरफ्तारी में जमानत मिलने के बाद भी उनको सीबीआई की कार्रवाई के कारण जेल में रहना पड़ा। फिर अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देना पड़ा। अब अरविंद केजरीवाल को 1 नंबर से 41वें नंबर पर जाना पड़ा है। आप सोच रहे होंगे कि भला कौन सा 1 और कौन सा 41 नंबर! चलिए हम बताते हैं आपको कि मसला आखिर क्या है?
अरविंद केजरीवाल से जुड़ा नंबरों का ये मसला दिल्ली विधानसभा का है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सीएम थे, तो उनको विधानसभा में 1 नंबर सीट मिली हुई थी। सीएम की ये सीट विधानसभा अध्यक्ष के दाहिने हाथ की तरफ पहली पंक्ति में सबसे किनारे होती है। अरविंद केजरीवाल सीएम रहते दिल्ली विधानसभा के सत्रों के दौरान इसी 1 नंबर सीट पर बैठते रहे। अब वो सीएम नहीं हैं, तो नियमों के तहत दिल्ली विधानसभा में उनके पास 1 नंबर सीट भी नहीं बची। अब दिल्ली विधानसभा के सत्रों के दौरान 1 नंबर सीट पर नई सीएम आतिशी बैठेंगी। दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने आतिशी को बतौर सीएम सदन में 1 नंबर सीट अलॉट की है।
तो आप ये भी जरूर जानना चाहते होंगे कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली विधानसभा के सदन में अब कहां बैठेंगे? अरविंद केजरीवाल अब सामान्य विधायक हैं। ऐसे में दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने उनको सदन में 41 नंबर की सीट अलॉट की है। अब जब भी सत्र होगा, तो दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल 41 नंबर की सीट पर ही बैठे दिखाई देंगे। खास बात है कि शराब घोटाला में एक अन्य आरोपी मनीष सिसोदिया की सीट संख्या 40 है और वो अरविंद केजरीवाल के बगल में ही बैठे नजर आएंगे। सौरभ भारद्वाज पहले 8 नंबर सीट पर बैठते थे। उनको अब 2 नंबर सीट अलॉट हुई है। यानी वो दिल्ली विधानसभा में सीएम आतिशी के बगल में बैठेंगे। जबकि, वरिष्ठ मंत्री कैलाश गहलोत को अब 2 नंबर की जगह 8 नंबर सीट दी गई है।
