दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा अस्पताल में भर्ती, क्या यमुना के प्रदूषित पानी में डुबकी लगाने से बिगड़ी तबीयत?
नई दिल्ली। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को तेज खुजली और सांस लेने में दिक्कत हो रही है। जिसके चलते उनको दिल्ली के राममनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। फिलहाल डॉक्टरों द्वारा उनका चेकअप किया जा रहा है, हालांकि चिंता की कोई बात नहीं है। वहीं वीरेंद्र सचदेवा का कहना है कि उनको पहले कभी भी सांस लेने में दिक्कत या खुजली जैसी समस्या नहीं हुई, पहली बार ऐसा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या की मेरी कोई मेडिकल हिस्ट्री नहीं है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या यमुना के प्रदूषित पानी में डुबकी लगाने के चलते सचदेवा की तबीयत खराब हुई है? डाक्टर जांच कर रहे हैं कि कहीं इसी वजह से तो उनको इंफेक्शन नहीं हो गया।
आपको बता दें कि दो दिन पहले ही 24 अक्टूबर को वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली में यमुना के पानी में बढ़ते प्रदूषण की ओर आम आदमी पार्टी की सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए यमुना के प्रदूषित पानी में डुबकी लगाकर विरोध जताया था। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली की नई सीएम आतिशी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से वहां आकर यमुना के पानी का निरीक्षण करने की चुनौती भी दी थी। इसके लिए उन्होंने कटाक्ष स्वरूप यमुना के किनारे रेड कार्पेट बिछवाई थी और दो कुर्सियां रखी गई थीं। एक कुसी पर सीएम आतिशी और दूसरी पर केजरीवाल के नाम की पर्ची भी चिपकाई गई थी।
सचदेवा ने कहा था कि हमने रेड कार्पेट की व्यवस्था इसलिए की है क्योंकि जो लोग शीश महल में रहते थे, उन्हें रेड कार्पेट की आदत हो गई है क्योंकि वे ‘शाही’ लोग हैं। इसी के साथ हमने दो कुर्सियों की व्यवस्था इसलिए की है क्योंकि यह परंपरा दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी ने खुद शुरू की है, इसलिए अगर वह आती हैं, तो उन्हें दो कुर्सियों की आवश्यकता होगी। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर बरसते हुए कहा था कि पूर्व सीएम को 8,500 करोड़ रुपये का हिसाब देना चाहिए जो केंद्र सरकार ने मां यमुना की सफाई के लिए दिए थे।
