अयोध्या नगरी के साथ इस बार नए राम मंदिर में भी दीपोत्सव होगा, जानिए कितने दीयों की रोशनी से जगमगाएगा भगवान रामलला का दिव्य भवन
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में आज धूमधाम से दीपोत्सव मनाने की तैयारी है। यूपी सरकार अयोध्या में सरयू नदी के घाटों पर इस साल 28 लाख दीये जलाकर दीपोत्सव मनाएगी। वहीं, राम मंदिर बनने के बाद पहली दिवाली पर वहां भी भगवान रामलला के सामने भव्य दीपोत्सव मनाने की तैयारी पूरी हो गई है। जानकारी के मुताबिक आज राम मंदिर परिसर में 51000 दीये जलाए जाएंगे। शाम 6 बजे राम मंदिर परिसर में दीये रोशनी की अनुपम छटा बिखेरेंगे। राम मंदिर परिसर के अलावा भगवान रामलला के गर्भगृह में भी 200 दीये जलाए जाएंगे।
राम मंदिर जब अस्थायी था, तब भी दिवाली पर भगवान रामलला के सामने दीये जलाए जाते थे। इस बार रामलला का भव्य मंदिर बन गया है। ऐसे में वहां बड़े पैमाने पर दीये जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। दिवाली की रात भी राम मंदिर को दीयों से रोशन किया जाएगा। भगवान रामलला का मंदिर 500 साल के इंतजार के बाद भव्य तौर पर बनाया गया है। राम मंदिर का उद्घाटन होने के बाद से ही हर दिन लाखों की संख्या में भक्त यहां रामलला का दर्शन करने आ रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि राम मंदिर परिसर में आज जो दीपोत्सव होगा, उसे देखने के लिए भी काफी तादाद में भक्त जुटेंगे। राम मंदिर परिसर और भगवान के गर्भगृह में शाम 6 बजे से दीये जलाए जाएंगे और 3 घंटे तक ये दीये प्रज्ज्वलित रहेंगे।
भगवान रामलला का मंदिर भी तेजी से बनाया जा रहा है। इस साल दिसंबर तक भगवान रामलला के मंदिर का काम पूरा किए जाने का लक्ष्य है। अभी मंदिर के बाकी तल और उसका शिखर बनाया जा रहा है। राम मंदिर परिसर में भगवान राम के जीवन से जुड़े और भी मनीषियों के मंदिर बनाए जाएंगे। पूरी तरह तैयार होने के बाद रामलला का मंदिर बहुत ही भव्य दिखेगा। इस मंदिर में भगवान रामलला और उनके भाइयों की उन मूर्तियों की भी पूजा होती है, जिनको अस्थायी मंदिर में रखा गया था। इनको अब चल मूर्ति का नाम दिया गया है।
