July 5, 2026

Hind foucs news

hindi new update

2029 में यूपी 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी भी बनेगा और देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी, सीएम योगी ने विधानसभा में किया आश्वस्त

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विधानसभा में बजट सत्र के दौरान अपनी बात रखते हुए आश्वस्त किया कि साल 2029 में यूपी 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने के साथ-साथ देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी बनकर उभरेगा। इस दौरान उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की एक बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है। हो सकता है कि कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा हो, क्योंकि जिनका अपना पर्सनल एजेंडा होता है, वह देश के विकास को अच्छा नहीं मानेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, हम सब लोगों को इस पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उबारने में सफलता मिली है। पिछले 8 सालों में हमारी यूपी सरकार ने 6 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने में सफलता प्राप्त की है। यह चीजें दिखाती हैं कि हर क्षेत्र में बदलाव हुआ है और उत्तर प्रदेश की इस पोटेंशियल को हम महाकुंभ के आयोजन से जोड़कर देख सकते हैं। अकेले महाकुंभ का आयोजन उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक की ग्रोथ करने वाला है। महिलाओं को हर एक सेक्टर में रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।

सपा विधायक रागिनी सोनकर के सवाल का जवाब देते हुए योगी बोले, यह कहना कि यूपी कभी इस लक्ष्य को एचीव नहीं कर पाएगा यह आपकी दुर्भावना हो सकती है लेकिन सरकार की सद्भावना है कि उत्तर प्रदेश पांच साल में इस टारगेट को पूरा करेगा। सीएम ने कहा, आपकी पीड़ा को मैं समझ सकता हूं क्योंकि जो आपके नेता बोलते हैं कि भारत कभी विकसित देश नहीं बन सकता तो आप अपने नेता का अनुसरण करेंगी ही, इसलिए आपका यह वक्तव्य कि उत्तर प्रदेश कभी 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी नहीं बन सकता, आपकी समाजवादी पार्टी की मंशा के अनुरूप ही है।