यूपी में महंगी हुई बिजली, पावर कॉरपोरेशन ने 10 फीसदी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को अब महंगे बिल का झटका लगने जा रहा है। यूपी पॉवर कॉरपोरेशन ने फ्यूल सरचार्ज में 10 फीसदी बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। जून महीने से बिजली बिल में उपभोक्ताओं को 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज चुकाना होगा। मिडिल ईस्ट संकट के चलते इससे पहले पेट्रोल, डीजल, सीएनजी के दामों में बीते कुछ दिनों में कई बार बढ़ोतरी हो चुकी है। दूध के दाम भी बढ़ गए हैं जिससे पहले ही लोगों की जेब पर बोझ बढ़ गया है। अब बिजली बिल भी बढ़े हुए सरचार्ज के साथ चुकाना होना जिससे लोगों का मासिक खर्च और बढ़ जाएगा।
यूपीपीसीएल के अनुसार, बिजली उत्पादन और खरीद की लागत बढ़ गई है, और इसकी भरपाई के लिए ही फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया गया है। मार्च 2026 माह के लिए देय बिजली खरीद समायोजन सरचार्ज 10% है, जिसे जून 2026 माह में लगाया जाना है। आपको बता दें कि जनवरी 2025 में नियामक आयोग ने मल्टी ईयर टैरिफ रेगुलेशन 2025 को मंजूरी दी थी। इसके बाद बिजली कंपनियों को फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज तय करने का अधिकार प्राप्त हो गया। इसके बाद से ही कंपनियां सरचार्ज को घटाती बढ़ती आ रही हैं। अब 10 फीसदी बढ़े हुए सरचार्ज की वजह से जिन लोगों का मासिक बिजली बिल 1000 रुपए आता है उनको अब 1100 रुपए चुकाने होंगे।
आपको बता दें कि मिडिल ईस्ट संकट की वजह से उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में बिजली संकट भी जारी है। इसको देखते हुए हाल ही में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से बिजली बचाने की अपील की थी। योगी ने कहा था कि जितनी जरूरत हो उस हिसाब से बिजली का इस्तेमाल करें। अनावश्यक बत्ती, पंखा, कूलर न चलाएं जिससे बिजली खपत कम हो सके।
