मुंबई। विदेश में रखे भारत के सोने पर रिजर्व बैंक यानी आरबीआई बड़ा कदम उठा रहा है। आरबीआई का सोने पर ये कदम आपको हैरत में डाल देगा। दरअसल, भारत का काफी सोना विदेश में रखा है, लेकिन अब आरबीआई ये सोना लगातार भारत वापस ला रहा है। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक आरबीआई अब ब्रिटेन के बैंक ऑफ इंग्लैंड के वॉल्ट में जमा भारत का 102 टन सोना देश ले आया है। अब रिजर्व बैंक के पास सोने का जो स्टॉक है, उसमें से 510.5 टन देश में ही है। आरबीआई के पास सितंबर 2024 तक 855 टन सोना था। सितंबर 2022 से ही आरबीआई लगातार विदेश में जमा अपना सोना वापस ला रहा है। सितंबर 2022 में विदेश में जमा 214 टन सोना आरबीआई ले आया था। अब रिजर्व बैंक का 324 टन सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड और लंदन स्थित बैंक ऑफ सेटेलमेंट में जमा है। इसके अलावा आरबीआई का 20 टन सोना गोल्ड डिपॉजिट के रूप में है। बता दें कि 1990 के दशक में भारत की आर्थिक हालत ऐसी खराब हुई थी कि उसे अपना सोना गिरवी तक रखना पड़ा था।
अखबार की खबर के मुताबिक बैंक ऑफ इंग्लैंड से सोना गोपनीय तरीके से लाया गया। इसके लिए विशेष विमान का प्रबंध किया गया था। अखबार के मुताबिक आरबीआई ने सोने की होल्डिंग भी बढ़ाई है। भारत के विदेशी मुद्रा भंडार का 9.3 फीसदी सोना है। इससे पहले मार्च में ये 8.1 फीसदी था। माना जा रहा है कि आने वाले समय में आरबीआई बाकी बचे सोने को भी देश ले आएगा। इसकी वजह दुनिया के कई हिस्सों में जारी तनाव और युद्ध हैं। आरबीआई का विदेश से सोना वापस लाना इसके संकेत दे रहा है कि भारत सरकार अपने गोल्ड रिजर्व को किसी खतरे से बचाने का काम कर रही है।
भारत ही नहीं, दुनिया के और भी देश अपना सोना विदेश में रखते हैं। इसके लिए संबंधित बैंक चार्ज भी करते हैं। इसमें सबसे बड़ा जोखिम ये होता है कि किसी मसले पर तनाव हो, तो संबंधित देश का सोना जब्त भी किया जाता है। यूक्रेन के खिलाफ जंग शुरू करने पर रूस के साथ ऐसा हो चुका है। रूस के खिलाफ प्रतिबंध लगाने पर विदेशी बैंकों में जमा उसका सोना भी जब्त किया जा चुका है। ऐसा कर रूस के लिए आर्थिक दिक्कत खड़ी करने की कोशिश हुई। हालांकि, रूस ने भारत समेत कई देशों को सस्ते में कच्चा तेल बेचकर अपनी माली हालत बिगड़ने से बचा रखी है।
















