July 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सोने और चांदी के भाव आए नीचे, एमसीएक्स पर दोनों धातुओं की ये रही कीमत

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच दक्षिण कोरिया में गुरुवार को बैठक हुई। इस बैठक के बाद खबर आई कि दोनों के देश जल्दी ही व्यापार समझौता कर लेंगे। ये खबर भी आई कि चीन अब अमेरिका को रेयर अर्थ मिनरल्स देने को तैयार हो गया है। इन खबरों के आते ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी की कीमतों में कमी देखी गई। एमसीएक्स पर 5 दिसंबर की एक्सपायरी वाले सोने की कीमत 2000 रुपए प्रति 10 ग्राम गिरकर 118665 पर आ गई। बुधवार को एमसीएक्स पर सोने की कीमत 120666 थी।

एमसीएक्स पर गुरुवार को सोना तो सस्ता हुआ ही, चांदी की कीमत में भी 1600 रुपए प्रति किलो की गिरावट आ गई। एमसीएक्स पर इस गिरावट के बाद चांदी के भाव 144402 रुपए प्रति किलो हो गए। जबकि, बुधवार को एमसीएक्स पर चांदी के रेट 1.46 लाख रुपए थे। एमसीएक्स पर इसके साथ ही चांदी अब तक 26013 रुपए सस्ती हो चुकी है। जबकि, सोना भी 13629 रुपए सस्ता हुआ है। इससे पहले बीते दिनों सोने और चांदी की कीमत में बड़ा उछाल देखा गया था। सोना तो 132294 रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा पहुंचा था।

सर्राफा बाजार की बात करें, तो सोने और चांदी के भाव में 18 अक्टूबर को धनतेरस से कमी आनी शुरू हुई थी। हालांकि, बुधवार को सर्राफा बाजार में सोना और चांदी तेज हुए थे। अब एमसीएक्स पर सोने और चांदी के भाव गिरने के बाद देशभर के सर्राफा बाजार में भी इनकी कीमत में और गिरावट आ सकती है। वैसे नवंबर में शादियों का सीजन भी शुरू होना है। इस वजह से उस दौरान सोना और चांदी के भाव कुछ ऊपर जाने के आसार भी बन सकते हैं। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के मुताबिक बुधवार को 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत 120628 थी। जबकि, चांदी के भाव प्रति किलो 146633 रुपए तक आ गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *