पराली जलाने पर अब किसानों को देना होगा 30000 रुपए तक जुर्माना, सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बाद केंद्र सरकार ने आदेश जारी किया
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बाद केंद्र सरकार ने पराली जलाने पर जुर्माना दोगुना बढ़ा दिया है। अब 2 एकड़ से कम जमीन के किसान अगर पराली जलाएंगे, तो उनको 5000 रुपए जुर्माना देना होगा। पहले ये 2500 रुपए था। वहीं, 2 से 5 एकड़ जमीन वाले किसानों ने पराली जलाई, तो अब उनको 10000 रुपए जुर्माना पड़ेगा। ये भी पहले के मुकाबले दोगुना है। वहीं, 5 एकड़ से ज्यादा जमीन के किसानों को पराली जलाने पर पहले के मुकाबले अब 30000 रुपए का जुर्माना देना पड़ेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने अक्टूबर में पराली जलाने के मसले और दिल्ली में इसकी वजह से हो रहे प्रदूषण पर गहरी चिंता जताई थी। सुप्रीम कोर्ट ने उस वक्त किसानों पर कम जुर्माना लगाने के लिए सख्त रुख अपनाया था और संबंधित राज्य सरकारों को फटकार लगाई थी। इसके बाद ही केंद्र सरकार ने अब पराली जलाने पर जुर्माना बढ़ाने का फैसला किया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग एक्ट 2021 में बदलाव कर पराली जलाने पर जुर्माना बढ़ाया गया है। इस एक्ट की धारा 25(एच) के तहत जुर्माना बढ़ाने का आदेश जारी किया गया है।
बता दें कि हर साल ठंड की शुरुआत से ठीक पहले पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में किसान पराली जलाते हैं। जिसके धुएं के कारण दिल्ली और आसपास प्रदूषण बढ़ जाता है। पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ केस भी दर्ज होता है। दिल्ली सरकार ने पहले कहा था कि वो केमिकल के जरिए पराली को खाद बना देगी, लेकिन उसकी ये योजना भी किसानों को पराली जलाने से नहीं रोक सकी। वहीं, पंजाब में किसानों का कहना है कि पराली के निस्तारण के लिए जो मशीन आती है वो बहुत महंगी है और इसे खरीदा नहीं सकते। किसान ये कहकर पराली जलाते हैं कि खेत में इसके रहने के कारण अगली फसल नहीं बो सकेंगे। इस तरह पराली जलाने का सिलसिला साल दर साल चल रहा है। जबकि, सुप्रीम कोर्ट ने हर हाल में पराली जलाने पर रोक लगाने का आदेश दिया है।
