यूपी

यूपी में शुरू विधानसभा चुनाव की तैयारी, गोरखपुर जाएंगी प्रियंका गांधी, फूकेंगी चुनावी बिगुल

शेयर करें:

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में खोई हुई जमीन तलाशने के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरे दमखम के साथ उतरने की योजना बना रही है। इसी सिलसिले में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रियंका गांधी एक खास मुहिम पर निकली हैं। जिसके तहत 12 अक्टूबर को प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में जनसभा करेंगी। इसे ‘हम वचन निभाएंगे’ यात्रा नाम दिया गया।

आने वाले 12 अक्टूबर को गोरखपुर जा रहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका की जनसभा के लिए कांग्रेसी नेता तारामंडल क्षेत्र के चंपा देवी पार्क और अन्य कई स्थानों के चयन में जुटे हैं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले प्रियंका गांधी का दौरा कांग्रेसियों में जान फूंकेगा। गुटबाजी का शिकार हो रहे कांग्रेसियों को प्रियंका के दौरे से एकजुट करने की कोशिश की जाएगी। साथ ही चुनावी समीकरण को दुरुस्त किया जाएगा।

7 अक्टूबर को अयोध्या से शुरू होगी प्रियंका की यात्रा

Ad Zone: in_content

कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सात अक्टूबर को अयोध्या से प्रियंका गांधी की यात्रा शुरू हो रही है। यह यात्रा बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर जिलों से होते हुए 12 अक्टूबर को गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर में प्रियंका की यात्रा का पहला चरण समाप्त होगा। फिर 17 अक्टूबर को गोरखपुर से दूसरे चरण की शुरुआत होगी। यहां से यात्रा कुशीनगर, देवरिया, बलिया और मऊ होते हुए आजमगढ़ जाएगी।

उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी के 10 लाख कैलेंडर बटेंगे

गोरखपुर कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने बताया कि 12 अक्टूबर को प्रियंका गांधी गोरखपुर आ रही हैं। उनके आगमन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके अलावा कांग्रेस प्रियंका गांधी के 10 लाख कैलेंडर छपवा रही है। ये कैलेंडर उत्तर प्रदेश के हर गांव और हर शहर में भेजे जाएंगे। कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के हर घर तक प्रियंका गांधी को पहुंचाना चाहती है।

इसी बीच कांग्रेस को लग रहे हैं तगड़े झटके

एक तरफ कांग्रेस उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां कर रही है, दूसरी ओर लगातार राजनीतिक झटके लग रहे हैं। पहले तराई के इलाके में कांग्रेस के कद्दावर नेता जितिन प्रसाद पार्टी को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। अब 2 दिन पहले वाराणसी-मिर्जापुर इलाके में कांग्रेस के सबसे बड़े नेता ललितेश पति त्रिपाठी ने पार्टी से 100 साल पुराना नाता तोड़ लिया। आपको बता दें कि ललितेश पति त्रिपाठी उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी के पर परपोते हैं। ललितेश को प्रियंका गांधी का बेहद नजदीकी नेता माना जाता था।

 

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें