May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘ट्रंप बहादुर व्यक्ति हैं, मैं उनसे बात करने को तैयार’, पुतिन ने की नए अमेरिकी राष्ट्रपति की जमकर तारीफ, जानिए क्या कहा?

नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में चुने गए डोनाल्ड ट्रंप को ऐतिहासिक जीत की बधाई दी है। पुतिन ने अपने पहले सार्वजनिक बयान में कहा कि वे ट्रंप के साथ संवाद के लिए तैयार हैं और दोनों देशों के बीच संबंधों को बहाल करने की जरूरत पर बल दिया।

पुतिन ने कहा कि रूस, अमेरिका के साथ संबंध सुधारने के लिए इच्छुक है, लेकिन इस प्रक्रिया की पहल अब अमेरिका को करनी होगी। यूक्रेन युद्ध को लेकर दोनों देशों के बीच गहरे मतभेदों और अमेरिका द्वारा यूक्रेन को दिए गए समर्थन के चलते, इन संबंधों में हालिया वर्षों में तनाव चरम पर रहा है। पुतिन ने अपने बयान में संकेत दिया कि रूस और अमेरिका के संबंधों को फिर से मजबूत करने की दिशा में ट्रंप के साथ काम करने के लिए तैयार हैं।

सोची के ब्लैक सी रिसॉर्ट में अपने भाषण के बाद पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कहा, “मैं इस अवसर पर डोनाल्ड ट्रंप को संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई देना चाहूंगा।”

अमेरिका-रूस संबंधों में सुधार पर जोर

पुतिन ने कहा कि ट्रंप ने रूस के साथ संबंधों को सुधारने और यूक्रेनी संकट को समाप्त करने की इच्छा जताई थी, जो महत्वपूर्ण मुद्दा है। पुतिन के अनुसार, ट्रंप के इरादे अमेरिका-रूस के ऐतिहासिक रूप से तनावपूर्ण संबंधों में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकते हैं।

ट्रंप के नेतृत्व को बताया बहादुर

पुतिन ने ट्रंप की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि जुलाई में हत्या के प्रयास के बावजूद ट्रंप ने जिस तरह से परिस्थितियों का सामना किया, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने ट्रंप को “बहादुर व्यक्ति” कहकर संबोधित किया और उनके साहस की सराहना की। पुतिन ने कहा, “हत्या के प्रयास के दौरान ट्रंप के व्यवहार से मैं प्रभावित हुआ। उन्होंने एक इंसान के तौर पर सही काम किया।”

ट्रंप के साथ संभावित बातचीत के लिए पुतिन तैयार

जनवरी में ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले दोनों नेताओं के बीच संभावित बातचीत पर पुतिन ने कहा, “अगर दुनिया के कुछ नेता संपर्क बहाल करना चाहते हैं, तो मैं इसके खिलाफ नहीं हूं। मैं ट्रंप से बात करने के लिए तैयार हूं।”

ऐतिहासिक जीत के बाद ट्रंप बने 47वें राष्ट्रपति

गौरतलब है कि बुधवार को ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में चुनाव जीता है। 132 वर्षों के इतिहास में ट्रंप पहले ऐसे पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं जिन्होंने दूसरी बार चुनाव जीतकर यह इतिहास रचा है। उन्होंने अपने डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को हराया है।