पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को फिर मिली बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकी, दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज
नई दिल्ली। बिहार की पूर्णिया सीट से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को कथित तौर पर कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक सदस्य से जान से मारने की धमकी मिली है। यह दावा बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में किया गया। कनॉट प्लेस थाने में शिकायत दर्ज कराने वाले सांसद के निजी सहायक (पीए) मोहम्मद सादिक आलम ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर दो धमकी भरे संदेश आए, जिनमें भेजने वाले ने खुद को बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया और यादव को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, पहला संदेश रात के 2:25 बजे आया और दूसरा संदेश सुबह 9:49 बजे प्राप्त हुआ। आलम ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के बाद तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार महला ने इस मामले पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
गिरफ्तार हुआ था धमकी देने वाला आरोपी
इससे पहले 2 नवंबर को बिहार पुलिस ने दिल्ली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने का दावा किया था, जिसने कथित तौर पर गैंगस्टर बिश्नोई के सहयोगी के रूप में सांसद पप्पू यादव को फोन पर धमकी दी थी। पूर्णिया पुलिस ने अपनी तकनीकी टीम की मदद से नई दिल्ली से महेश पांडे नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। जांच में पाया गया कि उसका किसी भी आपराधिक गिरोह से संबंध नहीं है और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी महेश पांडे दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर काम कर चुका है और एम्स की कैंटीन में भी काम कर चुका है। उसका मोबाइल और सिम जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि उसने दुबई से यह सिम प्राप्त किया था, जहां उसकी साली रहती है। आरोपी का दुबई का दौरा भी जांच के दायरे में है, लेकिन किसी प्रकार का संबंध बिश्नोई गैंग से नहीं पाया गया है।
पुलिस की आगे की जांच जारी
इस घटना के बाद पुलिस द्वारा मामले की गहराई से जांच की जा रही है। हालांकि आरोपी महेश पांडे ने कबूल कर लिया है कि उसने यादव को धमकी दी थी, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी मंशा क्या थी और उसने यह कदम क्यों उठाया।
