February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उत्तर भारत में रहते हैं तो कड़ाके की ठंड के लिए हो जाइए तैयार, कई राज्यों में घने कोहरे का भी मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण तापमान में और गिरावट होगी और उत्तर भारत के राज्यों में ठंड और बढ़ेगी और शीतलहर शुरू होगी। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के उत्तरी इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में वैसे भी जबरदस्त प्रदूषण के कारण गहरी धुंध छाई हुई है। बुधवार को इसमें और बढ़ोतरी होने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य भारत और उत्तर-पश्चिम के इलाकों में भी तापमान गिर सकता है।

उत्तर भारत के ऊपर 100 नॉट रफ्तार की जेट स्ट्रीम हवा चलने की जानकारी भी मौसम विभाग ने दी है। एक तरफ उत्तर भारत के लिए मौसम विभाग ने ठंड बढ़ने और कोहरा छाने की भविष्यवाणी की है। वहीं, दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश के दक्षिण स्थित समुद्र से लगे इलाकों, रायलसीमा और कर्नाटक के दक्षिण स्थित भीतरी भागों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिलेगी। दक्षिण-पूर्व अरब सागर तक एक चक्रवातीय परिसंचरण की ट्रफ रेखा फैली होने की जानकारी मौसम विभाग ने दी है। इस तरह देखें, तो दक्षिण भारत में मौसम सुहाना बना रहेगा।

मौसम विभाग पहले ही बता चुका है कि इस बार कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार ला नीना प्रभाव के कारण इस साल ज्यादा ठंड होगी। ला नीना प्रभाव के कारण प्रशांत महासागर की सतह का तापमान गिर जाता है। ला नीना के कारण इस साल काफी बारिश भी हो चुकी है। इससे पहले कई साल तक एल नीनो का प्रभाव था। इसकी वजह से बारिश कम हो रही थी, लेकिन भीषण गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा था।

You may have missed