February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कोहरे और गूगल मैप के शॉर्टकट से फिर हुआ बड़ा हादसा, बरेली में नहर में गिरी कार, पुलिस ने गूगल को भेजा नोटिस

नई दिल्ली। बरेली में गूगल मैप के शॉर्टकट को फॉलो करना एक बार फिर हादसे की वजह बन गया। देर रात कोहरे के कारण पीलीभीत जा रहे तीन युवकों की कार नहर में गिर गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। इस मामले को लेकर इज्जतनगर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि औरैया निवासी दिव्यांशु, पुत्र महेंद्र प्रताप सिंह, अपने दो दोस्तों के साथ सोमवार रात करीब तीन बजे पीलीभीत जा रहे थे। कोहरा घना होने के कारण उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया। जब वे इज्जतनगर क्षेत्र में कलापुर पुलिया के पास पहुंचे, तो गूगल मैप ने उन्हें एक शॉर्टकट दिखाया। युवकों ने निर्देशों का पालन करते हुए कार नहर वाले रास्ते पर मोड़ दी।

कैसे हुआ हादसा?

बरकापुर तिराहा के पास सड़क कटाव होने के कारण कार नहर में पलट गई। हालांकि, नहर में पानी नहीं था और कार की रफ्तार भी तेज नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कार में फंसे युवकों ने खुद उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। इसके बाद उन्होंने यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने क्रेन मंगाकर कार को बाहर निकाला।

इससे पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा

24 नवंबर को बरेली के फरीदपुर क्षेत्र के खल्लपुर में अधूरे पुल से कार गिरने के कारण तीन युवकों की मौत हो गई थी। ये युवक शादी में शामिल होने जा रहे थे और गूगल मैप का उपयोग कर रहे थे। मैप के निर्देशों के अनुसार वे निर्माणाधीन पुल पर चढ़ गए, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

पुलिस ने गूगल को भेजा नोटिस

इस मामले के बाद बदायूं पुलिस ने गूगल को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने गूगल से उस क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक का नाम और पता साझा करने की मांग की है, जहां यह हादसा हुआ था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गूगल से जवाब मिलने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed