April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली की अचानक बिगड़ी तबियत, ठाणे के अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली की तबियत एक बार फिर बिगड़ गई है। पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे कांबली को शनिवार देर रात अचानक तबियत खराब होने पर ठाणे के आकृति अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विनोद कांबली की हालत फिलहाल स्थिर लेकिन गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल के डॉक्टर्स उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं और उचित इलाज मुहैया करा रहे हैं। कांबली के परिवार, उनके करीबी लोग और प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

हाल ही में सचिन तेंदुलकर से हुई थी मुलाकात

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही विनोद कांबली ने एक कार्यक्रम में अपने बचपन के दोस्त और क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की थी। इस दौरान मानसिक और शारीरिक तौर पर विनोद कांबली काफी कमजोर नजर आ रहे थे। यहां दोनों ने एक-दूसरे का हालचाल लिया। जिसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थी।

विनोद कांबली का क्रिकेट करियर

विनोद कांबली भारतीय क्रिकेट के शानदार खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने 1991 में अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। टेस्ट क्रिकेट में कांबली ने 4 शतक लगाए और अपनी बल्लेबाजी से कई यादगार प्रदर्शन किए। हालांकि, उनका करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन वह हमेशा क्रिकेट की दुनिया में एक खास पहचान बनाए रहे।

तेंदुलकर के साथ की थी पढ़ाई और साथ खेले क्रिकेट

कांबली और सचिन तेंदुलकर ने मुंबई के शारदाश्रम विद्यामंदिर स्कूल में एक साथ पढ़ाई की। दोनों ने आचरेकर द्वारा आयोजित नेट्स में भाग लिया और 1988 में हैरिस शील्ड सेमीफाइनल में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के खिलाफ 664 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की थी, जो आज भी याद की जाती है।