नेक इंसान, विद्वान अर्थशास्त्री, समर्पित लीडर…पीएम नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह को इस तरह दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन के बाद देशभर के वीवीआईपी लोग अंतिम दर्शनों के लिए उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के घर जाकर उनके अंतिम दर्शन किए और उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। नरेंद्र मोदी ने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन ने हम सभी के हृदय को गहरी पीड़ा पहुंचाई है। उनका जाना एक राष्ट्र के रूप में भी हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है।
मोदी बोले, विभाजन के उस दौर में बहुत कुछ खोकर भारत आना और यहां जीवन के हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करना ये सामान्य बात नहीं है। अभावों और संघर्षों से ऊपर उठ कर कैसे ऊंचाइयों को हासिल किया जा सकता है उनका जीवन ये सीख आने वाली पीढ़ी को देता रहेगा। एक नेक इंसान के रूप में, एक विद्वान अर्थशास्त्री के रूप में और रिफॉर्म्स के प्रति समर्पित लीडर के रूप में उनको हमेशा याद किया जाता रहेगा। उन्होंने अलग-अलग स्तर पर भारत सरकार में अनेक सेवाएं दी। एक चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने भारत के गवर्नर की भी भूमिका निभाई।
नरेंद्र मोदी ने कहा, नरसिंहा राव की सरकार के वित्त मंत्री रहते हुए मनमोहन सिंह ने वित्तीय संकट से घिरे देश को एक नई अर्थव्यवस्था के मार्ग पर प्रशस्त किया। प्रधानमंत्री के रूप में, देश के विकास और प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनका जीवन उनकी ईमानदारी और सादगी का प्रतिबिंब था। वह विलक्षण सांसद थे। आज इस कठिन समय में मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं डॉ. मनमोहन सिंह को सभी देशवासियों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम लोगों ने भी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी।
