दिल्ली के एलजी ने महिला सम्मान योजना समेत 3 शिकायतों पर जांच के आदेश दिए
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए नई मुश्किल खड़ी होती दिख रही है। दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना ने महिला सम्मान योजना समेत 3 अलग-अलग शिकायतों की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को कहा है। इनमें से एक शिकायत नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने गुरुवार को एलजी को दी थी। एलजी ने दिल्ली के मुख्य सचिव और पुलिस कमिश्नर को अलग-अलग भेजे नोट में 3 बिंदुओं पर जांच के लिए कहा है।
इनमें से एक बिंदु आम आदमी पार्टी की तरफ से पात्र महिलाओं को 2100 रुपए देने, दूसरा बिंदु दिल्ली में कांग्रेस के उम्मीदवारों के आवास पर आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के खुफिया अफसरों की मौजूदगी और तीसरा बिंदु पंजाब से दिल्ली में नकदी भेजे जाने संबंधी है। एलजी ने कहा है कि किस तरह निजी लोगों का डेटा गैर सरकारी लोग इकट्ठा कर गोपनीयता भंग की जा रही है, इसकी जांच होनी चाहिए। इस पर आम आदमी पार्टी की तरफ से कहा गया है कि ये दिल्ली के एलजी का आदेश नहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दफ्तर से आया है। अरविंद केजरीवाल की पार्टी का कहना है कि बीजेपी दिल्ली में महिला सम्मान योजना रोकना चाहती है। जबकि, इसे बड़ी तादाद में महिलाओं का समर्थन मिल रहा है।
इससे पहले बीते दिनों दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ही सरकार के स्वास्थ्य और महिला व बाल विकास विभाग ने अखबारों में विज्ञापन छापकर जनता को सचेत किया था कि दिल्ली में संजीवनी और महिला सम्मान योजना जैसी कोई सरकारी योजना नहीं है। दोनों विभागों ने कहा था कि इसके लिए जनता से उनके बैंक खाते और अन्य विवरण की जानकारी गैर सरकारी लोग ले रहे हैं। दिल्ली सरकार के दोनों विभागों ने चेतावनी दी थी कि इन डेटा को देने पर संबंधित लोग धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। वहीं, कांग्रेस और बीजेपी ने आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी सरकारी योजनाओं के लिए नहीं, चुनाव के लिए वोटरों का आंकड़ा और निजी डेटा हासिल कर रही है। इस पर दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा था कि विज्ञापन निकलवाने वाले अफसरों के खिलाफ विभागीय और पुलिस कार्रवाई की जा रही है।
