संभल जामा मस्जिद के सामने पुलिस चौकी निर्माण के लिए हुआ भूमि पूजन, मंत्रोच्चार के बीच रखी गई नींव
नई दिल्ली। संभल में जामा मस्जिद के सामने पुलिस चौकी निमार्ण के लिए भूमि पूजन किया गया। पूरे विधि विधान के साथ मंत्रोच्चार के बीच पहली ईंट रखी गई। आचार्य पंडित शोभित शास्त्री ने पुलिस चौकी के लिए भूमि पूजन कराया। एडिशनल एसपी श्री चंद्र और कोतवाली प्रभारी अनुज तोमर ने पुलिस चौकी की नींव रखी। इस दौरान वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। स्थानीय महिलाओं ने भी फावड़ा चलाकर इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। जामा मस्जिद के पास आरएएफ सुरक्षाबलों की अतिरिक्त तैनाती की गई।
इससे पहले कल ही पुलिस चौकी के निर्माण के लिए जमीन को चिन्हित करने के साथ भमि की नपाई का काम पूरा किया गया था। आचार्य पंडित शोभित शास्त्री ने बताया कि आज बहुत ही शुभ नक्षत्र में पुलिस चौकी के निर्माण के लिए पूजन का कार्य संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि वैसे तो यह प्रशासनिक निर्णय है कि इस चौकी का क्या नाम रखा जाए लेकिन अगर ‘सत्यव्रत’ नाम रखा जाता है तो यह बहुत अच्छा होगा क्योंकि संभल का प्रारम्भिक नाम सत्यव्रत ही है। सत्यव्रत का अर्थ है सत्य का संकल्प मतलब झूठ से बचिए और सत्य का साथ दीजिए।
वहीं, महिलाओं ने भी नई पुलिस चौकी के निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान दिया। उन्होंने ईंट उठाने से लेकर फावड़ा चलाने तक के काम में मदद की। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता दीपा वार्ष्णेय ने कहा कि पुलिस चौकी बनना बहुत ही खुशी की बात है। इससे कानून व्यवस्था में सुधार आएगा। श्रमदान के बारे में उन्होंने कहा कि एक अच्छे उद्देश्य के लिए यह पहल की है मैं आभारी हूं और उन सभी को धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्होंने मुझे इस अच्छे काम को करने की अनुमति दी। इस दौरान वहां मौजूद महिलाओं ने जय श्रीराम के नारे भी लगाए। उधर, एएसआई की खुदाई आज भी जारी है।
