February 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

असम की कोयला खदान में फंसे मजदूरों को बचाने की जद्दोजहद जारी, 48 घंटे बाद गोताखोरों को मिला एक शव

नई दिल्ली। असम के दीमा हसाओ जिले के उमरंगसो में 300 फीट गहरी कोयला खदान में फंसे मजदूरों को बचाने की जद्दोजहद अभी भी जारी है। खदान में अचानक पानी भरने की घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद बचाव एवं राहत दल को खदान से एक मजदूर का शव मिला है। वहीं 8 अन्य लोग अभी भी खदान में फंसे हुए हैं जिनका कोई अता-पता नहीं है। आर्मी, नेवी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। नौसेना के गोताखोर खदान के अंदर मजदूरों की तलाश में उतरे हैं।

असम सरकार में राज्य मंत्री कौशिक राय ने बताया कि हम पानी निकालने का काम भी कर रहे हैं। घटना के बाद से 48 घंटे हो गए हैं और खदान के अंदर पानी एक बड़ी चुनौती है। आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। सीएम हेमंत बिस्वा सरमा पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। थल, जल और वायुसेना तीनों ही राहत कार्य में योगदान दे रही हैं। खदान के अंदर से जिस मजदूर का शव आज मिला है फिलहाल उसकी पहचान नहीं हुई है, जल्द ही उसके बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी। एनडीआरएफ की बचाव दल की टीम के एक सदस्य का कहना है कि खदान में लगभग 100 फीट तक पानी भरा हुआ है। ऐसे में इतना समय बीत जाने के बाद अब खदान में फंसे 8 मजदूरों के भी जीवित रहने की संभावना कम है।

यह खदान जिला मुख्यालय हाफलोंग से 7 घंटे की दूरी पर है। सोमवार को जब 9 मजदूर खदान में काम कर रहे थे तभी अचानक पानी भर जाने से वो उसमें फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खदान में पानी इतनी तेजी से आया कि किसी को भी निकलने का मौका ही नहीं मिला। ऐसा बताया जा रहा है कि यह एक अवैध खदान थी। इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।

You may have missed