दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने किया ‘युवा उड़ान योजना’ का ऐलान, बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे 8500 रुपये
नई दिल्ली। कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपनी तीसरी गारंटी की घोषणा कर दी है। यह गारंटी युवाओं के लिए है और इसे ‘युवा उड़ान योजना’ नाम दिया गया है। इस योजना के तहत कांग्रेस ने वादा किया है कि यदि वह सत्ता में आती है तो बेरोजगार युवाओं को अप्रेंटिसशिप के रूप में हर महीने 8500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना की घोषणा पार्टी नेता और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने रविवार को राजधानी दिल्ली में की।
क्या कहा सचिन पायलट ने?
सचिन पायलट ने कहा कि 5 तारीख को दिल्ली के लोग एक नई सरकार का चयन करेंगे। कांग्रेस पार्टी अपने दायित्व को समझते हुए जनता की समस्याओं को हल करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “दिल्ली के शिक्षित बेरोजगारों के लिए सरकार की जिम्मेदारी है कि उन्हें रोजगार के अवसर और वित्तीय सहायता दी जाए। युवा उड़ान योजना के तहत हम हर शिक्षित बेरोजगार लड़के-लड़की को 8500 रुपये प्रति माह देंगे। साथ ही 1 साल की अप्रेंटिसशिप का अवसर भी प्रदान करेंगे।”
योजना से युवाओं को मिलेगा लाभ: देवेंद्र यादव
दिल्ली कांग्रेस के पीसीसी चीफ देवेंद्र यादव ने कहा, “शिक्षित बेरोजगारी के कारण युवा गलत रास्ते पर जा रहे हैं। युवा उड़ान योजना के तहत न केवल बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी बल्कि उन्हें कौशल विकास का अवसर भी मिलेगा। जो युवा निजी कंपनियों में नौकरी करना चाहेंगे, उन्हें इस योजना से मदद मिलेगी।”
यादव ने कहा कि कांग्रेस ने पहले ‘प्यारी दीदी योजना’ के तहत महिलाओं के लिए गारंटी दी थी और अब यह योजना युवाओं के लिए लाई जा रही है। उन्होंने बीजेपी और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियों की नीतियों ने युवाओं की स्थिति खराब कर दी है।
युवाओं के लिए तीसरी बड़ी गारंटी
कांग्रेस नेता काजी निजामुद्दीन ने बताया कि न्याय यात्रा के दौरान जनता से मिले फीडबैक के आधार पर यह योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा, “मोदी सरकार और आम आदमी पार्टी की नीतियों ने युवाओं की कमर तोड़ दी है। कांग्रेस युवाओं को राहत देने के लिए यह गारंटी लेकर आई है।”
