‘जैसे बीजेपी त्याग करती थी वैसा ही करे कांग्रेस’, उद्धव ठाकरे के करीबी संजय राउत ने दी नसीहत
मुंबई। उद्धव ठाकरे की शिवसेना-यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कांग्रेस को बड़े भाई की भूमिका अदा करने की नसीहत दी है। संजय राउत ने मंगलवार को मीडिया से कहा कि कांग्रेस को बीजेपी से सीख लेनी चाहिए। संजय राउत ने कहा कि कांग्रेस को वैसा ही त्याग करना चाहिए जैसा एनडीए में हमारे रहते बीजेपी करती थी। उद्धव के सांसद ने कहा कि कांग्रेस में हमेशा बातचीत चलती रहती है। संजय राउत ने कहा कि अगर इंडी गठबंधन को जिंदा नहीं रखेंगे, तो विपक्ष खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ये सही है कि लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष का गठबंधन बनाया गया था, लेकिन इसकी जरूरत आगे भी है।
संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में स्थानीय निकायों के चुनाव होने हैं। इसमें गठबंधन करना कठिन होता है, लेकिन लोकसभा और विधानसभा चुनाव में हमें कुछ न कुछ समझौता करना पड़ता है। उद्धव की पार्टी के सांसद ने दिल्ली का उदाहरण दिया और कहा कि वहां आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच प्रतिस्पर्धा हो सकती है। ऐसा ही हमने महाराष्ट्र निकाय चुनाव के लिए सुझाव दिया था। हालांकि, किसी को भी पूर्व या भावी सहयोगियों को धोखेबाज कहने की हद तक नहीं जाना चाहिए। संजय राउत ने कहा कि रामलला को आरएसएस नहीं लाया। उन्होंने ये भी कहा कि दिल्ली के लोगों के जूते चाटना महाराष्ट्र को गड्ढे में डालने वालों के साथ रहने जैसा है।
बता दें कि संजय राउत ने बीते दिनों ही कहा था कि शिवसेना-यूबीटी अपने दम पर बीएमसी और महाराष्ट्र के अन्य निकाय चुनाव लड़ेगी। संजय राउत इससे पहले भी कांग्रेस को नसीहत देते रहे हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और विपक्षी दलों को बीजेपी ने बुरी तरह मात दी। इसके बाद ही इंडी गठबंधन के दलों ने कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी शुरू की। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने जब कहा कि वो विपक्षी गठबंधन की कमान संभालने के लिए तैयार हैं, तो लालू यादव, शरद पवार, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे और अरविंद केजरीवाल ने उनका समर्थन तक कर दिया था। अब संजय राउत ने कांग्रेस को बड़े भाई की तरह त्याग करने की नसीहत दे दी है।
