मोदी सरकार के मंत्री ने शरद पवार को दिया एनडीए में आने का न्योता
पुणे। मोदी सरकार में मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के अध्यक्ष रामदास आठवले ने वरिष्ठ नेता और एनसीपी-एसपी के प्रमुख शरद पवार को एनडीए में शामिल होने का न्योता दिया है। आठवले ने कहा कि जब वो शरद पवार के साथ थे, तब उनको कांग्रेस में विलय की सलाह दी थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर शरद पवार ने उनकी सलाह मान ली होती, तो वो पीएम बन जाते। आठवले ने कहा कि शरद पवार के राजनीतिक अनुभव का फायदा देश और महाराष्ट्र को मिल सकता है।
रामदास आठवले ने मीडिया से बात करते हुए ये भी कहा कि उनको लगता है कि अगर शरद पवार एनडीए के साथ आना चाहते हैं, तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। आरपीआई अध्यक्ष ने कहा कि जब अजित पवार अपने चाचा से अलग हुए थे, तब अजित पवार की ये इच्छा थी कि उनका और शरद पवार का गुट साथ एनडीए में रहें। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित करनी है, तो शरद पवार के गुट को एनडीए में आना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई की भविष्य में शरद पवार एनडीए में आ सकते हैं। रामदास आठवले पहले भी शरद पवार को एनडीए के खेमे में आने का न्योता दे चुके हैं, लेकिन अब तक पवार ने ये कदम नहीं उठाया है।
बीते दिनों खूब अटकलें लगीं कि शरद पवार का एनसीपी गुट एनडीए में आएगा। अटकलें ये भी लगीं कि शरद पवार की सांसद बेटी सुप्रिया सुले को मोदी सरकार में मंत्री बनाया जाएगा। हालांकि, एनसीपी के नेताओं ने इन अटकलों को खारिज कर दिया। वहीं, पिछले हफ्ते शरद पवार ने शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के दफ्तर जाकर उनसे मुलाकात की। इस पर उद्धव ठाकरे की पार्टी के सांसद संजय राउत ने सवाल खड़े किए थे। जिस पर सुप्रिया सुले ने साफ कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से मुलाकात की ही जाती है। सुप्रिया ने तो यहां तक कहा कि जब अजित पवार अलग हुए थे, तो 17 दिन बाद ही उद्धव ठाकरे ने उनसे मुलाकात की थी।
