July 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘सहानुभूति और खास रियायत नहीं चाहिए…बेटे के हत्यारों को कड़ी सजा मिले’, केतन अग्रवाल की मां ने पीएम मोदी को चिट्ठी में लिखा

पुणे। पुणे के केतन अग्रवाल की मां राखी ने पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। राखी अग्रवाल ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी में कहा है कि उनको उम्मीद है कि दुखी मां की आवाज सुनेंगे। केतन की मां ने लिखा है कि कभी नहीं सोचा था कि अपने बेटे के लिए न्याय की खातिर आपको चिट्ठी लिखनी होगी। उन्होंने लिखा है कि हर मां की तरह केतन के सुंदर जीवन, शादी और बुढ़ापे में साथ देने के सपने देखे थे। जिसकी जगह बेटे का अंतिम संस्कार करना पड़ा। जो एक मां के लिए सबसे बड़ा दर्द है।

केतन अग्रवाल की मां ने पीएम मोदी को लिखा कि बेटे की बेरहमी से हत्या की गई। उसका कमरा, कपड़े, तस्वीरें और उसकी हंसी की जगह ले चुकी खामोशी हर दिन याद दिलाती है कि वो वापस नहीं आएगा। घर का हर कोना उसकी याद दिलाता है। केतन की मां राखी अग्रवाल ने लिखा है कि केतन की मौत के 20 दिन बाद ही उसके दादा देवीचंद्र अग्रवाल भी पौत्र के शोक में चल बसे। उन्होंने पीएम मोदी से अपील की है कि कोई सहानुभूति या विशेष रियायत नहीं मांग रहीं। बेटे के लिए न्याय मांग रही हैं। जिसके बिना हर पल दर्द को बढ़ाता है। राखी अग्रवाल ने पीएम मोदी को लिखा है कि केतन की जान लेने वालों को कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिले। उन्होंने लिखा है कि कृपया सुनिश्चित करें कि मेरे बेटे के मामले में ध्यान देकर बिना देरी के न्याय दिलाया जाए।

राखी अग्रवाल ने पीएम मोदी को चिट्ठी में लिखा है कि केतन को सिर्फ एक और केस की फाइल न बनने दिया जाए। वो किसी का बेटा, किसी का पौत्र, किसी का भाई था। मेरे लिए वो पूरी दुनिया था। उन्होंने चिट्ठी में लिखा है कि हर रात वो केतन की तस्वीर देखती हैं और कहती हैं कि मां अब भी तुम्हारे लिए लड़ रही है। उन्होंने लिखा है कि प्रार्थना है कि एक दिन केतन अग्रवाल से कह सकें कि बेटा, तुझे इंसाफ मिल गया। उन्होंने पीएम मोदी से गुजारिश की है कि वो दुखी मां की आवाज सुनेंगे। बता दें कि केतन की 18 जून को लोहागढ़ किले से खाई में गिरने से मौत हो गई थी। केतन की हत्या का आरोप उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *