‘उनकी लड़ाई कांग्रेस को बचाने की, और मेरी देश को बचाने की है’, राहुल गांधी के आरोपों पर केजरीवाल का पलटवार
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक गर्मी बढ़ती जा रही है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग ने अब तीखा रूप ले लिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के सीलमपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली सरकार और अरविंद केजरीवाल पर तीखे प्रहार किए।
राहुल गांधी ने कहा, “क्या आपको वह दिल्ली याद है जब शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थीं? अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि वह दिल्ली को भ्रष्टाचार मुक्त करेंगे और इसे पेरिस जैसा बनाएंगे। लेकिन आज दिल्ली में प्रदूषण और महंगाई बढ़ रही है। कैंसर और बीमारियां आम हो गई हैं। अरविंद केजरीवाल ने जनता से झूठे वादे किए हैं। उनका प्रचार पीएम मोदी जैसा है।”
केजरीवाल का पलटवार
राहुल गांधी के इन आरोपों के बाद, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पलटवार किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “आज राहुल गांधी जी दिल्ली आए। उन्होंने मुझे बहुत गालियां दीं। पर मैं उनके बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करूँगा। उनकी लड़ाई कांग्रेस बचाने की है, मेरी लड़ाई देश बचाने की है।”
5 फरवरी को वोटिंग, 8 फरवरी को नतीजे
दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा और नतीजों का ऐलान 8 फरवरी को किया जाएगा। चुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।
जनता को लुभाने के लिए जहां एक ओर आप अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिना रही है, वहीं कांग्रेस और बीजेपी भ्रष्टाचार, प्रदूषण और महंगाई जैसे मुद्दों पर आप को घेरने की कोशिश कर रही हैं।
