फरवरी में अमेरिका के दौरे पर जा सकते हैं पीएम मोदी
वॉशिंगटन। पीएम नरेंद्र मोदी फरवरी में अमेरिका के दौरे पर जा सकते हैं। ये जानकारी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी है। डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया को बताया कि उनकी सोमवार को पीएम मोदी से बातचीत हुई। ट्रंप ने कहा कि मोदी शायद फरवरी में व्हाइट हाउस आ रहे हैं। ट्रंप ने ये भी कहा कि भारत के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कहा कि अपने अवैध प्रवासियों को वापस लेने के बारे में जो सही होगा वही भारत करेगा। अमेरिका के राष्ट्रपति से पीएम मोदी ने बातचीत की थी। वहीं, 7 नवंबर को जब ट्रंप के अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव जीतने की खबर आई थी, तब भी पीएम मोदी ने उनसे बात की थी। उस वक्त डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मोदी शानदार शख्स हैं और दुनिया उन्हें प्यार करती है।
डोनाल्ड ट्रंप ने तब ये भी कहा था कि भारत एक शानदार देश है और वो भारत को सच्चा मित्र मानते हैं। ट्रंप ने साथ ही कहा था कि वो और पीएम मोदी दुनिया में शांति स्थापित करने के लिए मिलकर काम करने पर राजी हुए हैं। पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच पहले भी काफी मुलाकातें हो चुकी हैं। दोनों नेताओं के बीच केमिस्ट्री बहुत अच्छी रही है। यहां तक कि मोदी ने साल 2020 में डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में अमेरिका में बसे भारतीयों के साथ कार्यक्रम भी किया था। ट्रंप के स्वागत में उन्होंने ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम भी कराया था। इन सभी कार्यक्रम में ट्रंप अभिभूत दिखे थे। हालांकि, ट्रंप ने बीते दिनों ये भी कहा था कि ब्रिक्स देशों ने अगर डॉलर को नकारा, तो वो इसके सदस्यों पर टैरिफ लगाएंगे। ब्रिक्स में भारत भी सदस्य है।
डोनाल्ड ट्रंप जब पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने थे, उस वक्त उन्होंने रूस से एस-400 मिसाइल रोधी सिस्टम खरीदने पर चीन और तुर्की के खिलाफ एक्शन लिया था, लेकिन भारत को काट्सा कानून के तहत प्रतिबंधों से छूट दी थी। अब मोदी के अमेरिका दौरे और ट्रंप से मुलाकात में भारत के लिए अमेरिका से और खुशखबरी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अब तक केंद्र सरकार ने इसकी पुष्टि नहीं की है कि पीएम मोदी फरवरी में अमेरिका का दौरा करेंगे।
