April 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को मार डालने की जो बाइडेन ने रची थी साजिश!, जानिए किसने किया ये दावा

वॉशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर एक राजनीतिक जानकार ने बड़ा आरोप लगाया है। अमेरिका में राजनीति से जुड़ी बड़ी जानकारियां रखने वाले टकर कार्लसन ने दावा किया है कि जो बाइडेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की हत्या की साजिश रची थी। हालांकि, टकर कार्लसन अपने इस आरोप के पक्ष में कोई सबूत नहीं दे सके हैं। टकर कार्लसन अमेरिका के फॉक्स न्यूज के पूर्व एंकर हैं। वो ‘द टकर कार्लसन शो’ नाम से पॉडकास्ट भी करते हैं। कार्लसन ने सोमवार को पॉडकास्ट में कहा कि बाइडेन सरकार ने रूस के राष्ट्रपति को मारने की कोशिश की। टकर कार्लसन ने दोबारा भी शो में अपना यही दावा दोहराया।

खबर लिखे जाने तक खुद पर लगे आरोप के बारे में जो बाइडेन की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है, लेकिन रूस की सरकार ने पुतिन की हत्या की कोशिश के टकर कार्लसन के दावे पर प्रतिक्रिया दी है। रूस की सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। बता दें कि टकर कार्लसन को 2023 में फॉक्स न्यूज ने हटा दिया था। टकर कार्लसन पर अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के संबंध में झूठ बोलने का आरोप लगा था। टकर कार्लसन को दक्षिणपंथी रुख वाला माना जाता है। पुतिन की हत्या का दावा कर वो एक बार फिर से सुर्खियां बन रहे हैं।

दरअसल, रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जंग जारी है। इस जंग में अमेरिका और यूरोप के देश यूक्रेन को सैन्य और आर्थिक मदद दे रहे हैं। जो बाइडेन की सरकार के रहते अमेरिका ने यूक्रेन को खरबों डॉलर की आर्थिक और सैन्य मदद की। इसकी वजह से यूक्रेन से युद्ध जीतने के लिए रूस को बहुत मेहनत करनी पड़ रही है। जो बाइडेन ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद से हटने से पहले यूक्रेन को ये मंजूरी दी थी कि वो लंबी दूरी के मिसाइलों से रूस पर हमला कर सकता है। हाल के दिनों में यूक्रेन ने रूस की राजधानी मास्को समेत कई जगह ड्रोन से भी बड़े हमले किए। वहीं, पुतिन लगातार ये चेतावनी देते रहे हैं कि इससे युद्ध यूक्रेन के अलावा और जगह भी फैल सकता है।