May 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अमेरिका में विमान हादसे के बाद अभी तक 19 शव मिले, नदी में अन्य लोगों की तलाश जारी

नई दिल्ली। अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में रीगन नेशनल एयरपोर्ट के पास एक यात्री विमान और सेना के हेलीकॉप्टर के बीच हवा में टक्कर हो गई। इस हादसे के बाद विमान और हेलीकॉप्टर दोनों ही पोटोमैक नदी में जा गिरे। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। 19 लोगों के शव नदी से मिले हैं जबकि अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि विमान में 60 यात्री और सैना के हेलिकॉप्टर में चालक दल के 4 सदस्य सवार थे। पोटोमैक नदी में बर्फ जमीं हुई है इसलिए किसी के भी जीवित बचने की संभावना बहुत कम है।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब अमेरिकन एयरलाइंस का विमान रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग करने वाला था। लैंडिंग के लिए जब विमान नीचे आ रहा था तभी वो सेना ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर सिरोस्की एच-60 से हवा में टकरा गया। अमेरिकी एयरलाइंस के विमान ने विचिटा, कैनसस से उड़ान भरी। विमान और हेलीकॉप्टर के बीच हवा में टक्कर होते ही जोर का धमाका हुआ और आग लग गई। जिसके बाद विमान और हेलीकॉटर नदी में समा गए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस हादसे को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी गलती कैसे हो गई?

संघीय उड्डयन प्रशासन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड इस पूरे मामले की जांच करेंगे कि जब अमेरिकी एयरलाइंस का विमान लैंडिंग करने वाला था तो उसके रास्ते में अचानक सेना का हेलीकॉप्टर कैसे आ गया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस हादसे पर दु:ख जताते हुए कहा है कि हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उधर, रीगन नेशनल एयरपोर्ट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। यहां से किसी भी विमान के टेकऑफ और लैंडिंग को रोक दिया गया है।