July 6, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा में बड़ा बदलाव, हाफिज सईद के बेटे तल्हा को दी गई बड़ी जिम्मेदारी; पीओके के लिए बनाई खतरनाक योजना

नई दिल्ली। पाकिस्तान में बैठकर भारत में दहशतगर्दी के जरिए खून-खराबा करने के लिए कुख्यात आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के खेमे से ताजा खबर आई है। खुफिया जानकारी के मुताबिक लश्कर ने अपने संस्थापक हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद को नया ऑपरेशनल कमांडर बनाया है। अब हाफिज सईद लश्कर के वैचारिक प्रमुख के तौर पर काम करेगा। अब तक हाफिज सईद ही तय करता रहा है कि लश्कर के आतंकी भारत में कहां और कब हमला करेंगे। अब उसने ये जिम्मेदारी अपने बेटे के लिए छोड़ दी है।

दैनिक हिंदुस्तान अखबार की खबर के मुताबिक भारत की खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि लश्कर-ए-तैयबा ने अपना ढांचा बदला है। लश्कर ने तीन क्षेत्रीय ऑपरेशनल कमांड पीओके, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में तैयार किए हैं। खुफिया इनपुट के मुताबिक पाकिस्तान की सेना अब बलूच विद्रोहियों और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी के आतंकियों से निपटने में लश्कर के आतंकियों की मदद ले रही है। लश्कर ने स्थानीय स्तर पर आतंकियों की भर्ती के लिए नए क्षेत्रीय ऑपरेशनल कमांड बनाए हैं। खुफिया इनपुट के मुताबिक पाकिस्तान की सरकार और सेना के खिलाफ पीओके में हो रहे जोरदार प्रदर्शन से निपटने का भी लश्कर को जिम्मा दिया गया है। लश्कर से कहा गया है कि वो पीओके में जगह-जगह बम विस्फोट और फिदायीन हमले कर स्थानीय लोगों में भय पैदा करे।

लश्कर प्रमुख हाफिज सईद की भारत को तलाश है। हाफिज सईद पर मुंबई में साल 2008 में हुए सबसे बड़े आतंकी हमले समेत कई और वारदात करने का आरोप है। भारत ने कई बार पाकिस्तान से कहा है कि वो लश्कर चीफ को सौंपे। यहां तक कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी हाफिज सईद को अंतरराष्ट्रीय आतंकी करार दे रखा है। इस पर पाकिस्तान ने दिखावे के लिए हाफिज सईद को जेल भी भेजा, लेकिन उसका आतंकी नेटवर्क नहीं छुआ। लश्कर ने अपना रूप बदलकर जमात-उद-दावा कर लिया और फिलहाल हाफिज सईद और तल्हा जैसे बड़े आतंकी आराम से पाकिस्तान में रह रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *