June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

फिर भारत दौरे पर आने वाले हैं डोनाल्ड ट्रंप, 2020 में अहमदाबाद में पीएम मोदी संग किया था कार्यक्रम

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर भारत दौरे पर आएंगे। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इसका एलान किया है। रूबियो ने ये भी कहा है कि वो ट्रंप की यात्रा की तैयारियों और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए भारत का दौरा करने वाले हैं। ट्रंप ने भी बीते दिनों पीएम नरेंद्र मोदी की एक बार फिर तारीफ करते हुए कहा था कि वो जल्दी ही भारत का दौरा करने वाले हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने पहले कार्यकाल में भी भारत आए थे। ट्रंप ने 24 और 25 फरवरी 2020 को भारत का दौरा किया था। उस वक्त अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी भारत यात्रा की शुरुआत अहमदाबाद से की थी। यहां के क्रिकेट स्टेडियम में ट्रंप ने पीएम मोदी के साथ ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम भी किया था। जिसके बाद ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया आगरा गए थे और ताजमहल देखा था। खास बात ये कि ट्रंप जब पहली बार भारत आए थे, उस वक्त दिल्ली में सीएए के खिलाफ आंदोलनकारी कई जगह सड़क पर बैठे थे।

डोनाल्ड ट्रंप हमेशा पीएम मोदी को अपना दोस्त बताते हैं। ट्रंप का ये भी कहना है कि उनके अमेरिका का राष्ट्रपति रहते भारत से रिश्ते बहुत बेहतर हुए हैं। वहीं, ट्रंप ने भारत पर भारी-भरकम टैरिफ भी लगाया था। बीते दिनों भी ट्रंप ने कहा था कि उनके पूर्ववर्ती अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने कोई कदम नहीं उठाया। इस वजह से भारत ने अमेरिका की चीजों पर टैरिफ लगाकर खूब कमाई की। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ट्रंप भारत के दुश्मन पाकिस्तान और वहां के सेना प्रमुख आसिम मुनीर और नेताओं की खूब तारीफ भी करते रहे हैं। जबकि, बतौर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने पहले कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान पर अमेरिका को धोखा देने समेत तमाम संगीन आरोप लगाते दिखते रहे। ऐसे में ट्रंप का अगला रुख क्या होगा ये कहना मुश्किल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *