July 6, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘महापाप के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा’, राम मंदिर चंदा चोरी मामले में मोहन भागवत ने बता दिया आरएसएस का रुख

नागपुर। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे की चोरी के मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने संगठन का रुख साफ कर दिया है। मोहन भागवत ने रविवार को नागपुर में साफ कहा कि इस महापाप के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मीडिया से बातचीत में मोहन भागवत ने ये भी कहा कि कल ही सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी ने इस बारे में बयान जारी किया है। आप सब उसी को देखें।

मोहन भागवत ने राम मंदिर में चंदा चोरी पर पहली बार अपनी राय साफ तौर पर रखी है। इससे पहले 3 जुलाई को नागपुर में जब मीडिया ने उनसे इस बारे में राय पूछी थी, तब आरएसएस प्रमुख ‘राम-राम’ कहकर चले गए थे। इसके बाद ही दत्तात्रेय होसबाले ने बयान जारी कर रामलला के दरबार में हुई हेराफेरी को बहुत ही निंदनीय बताया था। होसबाले ने कहा था कि पीढ़ियों के खून-पसीने, संघर्ष और बलिदान से भव्य राम मंदिर बना। ये पूरे हिंदू समाज की अटूट आस्था का केंद्र है। आरएसएस के सर कार्यवाह ने कहा था कि रामलला की दान पेटी पर जिन्होंने हाथ साफ किया, उन्होंने करोड़ों रामभक्तों के भरोसे का कत्ल किया। उन्होंने घटना को नीच हरकत भी कहा था।

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बनी एसआईटी अभी जांच कर रही है। एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट आने के बाद आठ आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। वहीं, एसआईटी ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के अलावा दो अहम सदस्यों डॉ. अनिल मिश्र और गोपाल राव से भी पूछताछ की है। अयोध्या पुलिस ने चंदा चोरी के एक आरोपी अविनाश शुक्ल को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है। बाकी आरोपियों से भी पुलिस जेल में पूछताछ कर रही है। वहीं, सोमवार को राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक है। जिसमें चंपत राय और अनिल मिश्र के इस्तीफे पर फैसले के साथ अहम निर्णय होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *