July 6, 2026

Hind foucs news

hindi new update

खामेनेई के अंतिम संस्कार में डोनाल्ड ट्रंप को मार डालने के लगे नारे

तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम चल रहा है। इसी दौरान ईरान की राजधानी तेहरान में रविवार को उग्र भीड़ ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने के पक्ष में नारेबाजी की। खामेनेई की मौत के कार्यक्रम में वक्ता एक मंच से अपनी बात रख रहे थे। न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक मोहम्मद रसूली नाम के कवि ने ट्रंप को मार डालने के पक्ष में सभी से आवाज उठाने के लिए कहा। इस पर भीड़ ने भी समर्थन किया।

रसूली ने मंच से कहा कि दुनिया का सबसे खराब इंसान अब तक जिंदा क्यों है? इस पर भीड़ उत्तेजित हो गई। एक शख्स तो रोते हुए कहने लगा कि जिसने हमारे इमाम को मारा, हम उसे क्यों नहीं मार देते। ये हमारा फर्ज है। इस शख्स ने कहा कि वो ट्रंप को मार डालने के लिए अली खामेनेई के खून की कसम खाता है। तेहरान में इस कार्यक्रम के दौरान भीड़ में कई लोगों के हाथ में ट्रंप को मार डालने वाले पोस्टर भी देखे गए। ईरान ने खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम शुरू करने के लिए 4 जुलाई की तारीख खास तौर पर चुनी। इसकी वजह ये है कि इसी तारीख को अमेरिका की स्थापना हुई थी। इस साल अमेरिका की स्थापना के 250 साल हो गए हैं।

इससे पहले अमेरिका की स्थापना वर्ष के कार्यक्रम में डोनाल्ड ट्रंप शामिल हुए। ट्रंप ने कार्यक्रम में अमेरिकी सेना की जमकर तारीफ की। साथ ही ईरान के बारे में कहा कि अगर चाहूं, तो एक ही वार में सबको खत्म कर सकता हूं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को जबरदस्त कामयाबी मिली है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि वेनेजुएला को देखिए। ईरान को देखिए। हमने सब खत्म कर दिया। हमने उनकी सेना को खत्म कर दिया। जाहिर तौर पर ट्रंप का ये बयान आते ही ईरान में लोग और भड़के और फिर ट्रंप को मार डालने की बात कही जाने लगी। बता दें कि ट्रंप पर अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार के दौरान गोली चली थी। इसके अलावा दो बार उनकी हत्या की कोशिश भी हो चुकी है। जिनमें से एक मामले में अमेरिका की एफबीआई ने ईरान का हाथ होने का दावा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *