April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

6 महीने पहले एक-दूसरे को क्लीन चिट देने वाले आज…बीजेपी ने कांग्रेस और आप पर साधा निशाना

नई दिल्ली। दिल्ली में लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इसी बात को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस और आप पर निशाना साधा है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी का कहना है कि एक बात दिल्ली की जनता के सामने साफ है कि कांग्रेस और आप दोनों ही पार्टियां बहुत झूठ बोलती हैं। मात्र 6 महीने पहले ये एक दूसरे को क्लीन चिट दे रहे थे और अब एक दूसरे के भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं। इसका मतलब साफ है कि कांग्रेस नेशनल हेराल्ड मामले पर झूठ बोल रही थी और आम आदमी पार्टी शराब घोटाले पर झूठ बोल रही थी। इनके झूठ का राजनीतिक पर्दाफाश हो चुका है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, दिल्ली में चुनाव अपने पूरे ज्वार पर है और इसके साथ ही चुनाव में शामिल हर किरदार का असली चेहरा भी सामने आ रहा है। आज हम आपके सामने दो पार्टियों के शीर्ष नेताओं के बयान पेश करना चाहते हैं। भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के अघोषित मुखिया राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी के शराब घोटाले पर बयान दिया है, इसे खुलेआम भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया है और कहा है कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट हैं। दूसरा वक्तव्य है दिल्ली के असली सीएम अरविंद केजरीवाल का जिन्होंने पलटकर कांग्रेस पार्टी के लिए कहा कि नेशनल हेराल्ड केस ओपन एंड शट केस है उसमें आप भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और हम पर उंगली उठा रहे हैं।

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, यमुना की सफाई के लिए जो फंड मिला था, उसका सही इस्तेमाल नहीं किया गया। अपनी अक्षमता को छुपाने के लिए केजरीवाल ने दुष्प्रचार किया। ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं कि पाकिस्तान ने भी ऐसे आरोप नहीं लगाए कि भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारत ने पाकिस्तान की नदियों में जहर मिलाया। मगर सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वालों ने देश के अंदर एक प्रदेश और दूसरे प्रदेश के बीच इस तरह के आरोप लगाए, जिसका प्रभाव दिल्ली की जनता के मान सम्मान पर भी पड़ा है।