एलन मस्क अब शुरू करने जा रहे एक्स मनी, जानिए ये क्या काम करेगा?
वॉशिंगटन। एलन मस्क कई तरह के कारोबार करते हैं। उनकी कंपनी टेस्ला कार बनाती है। एलन मस्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के भी मालिक हैं। एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स अंतरिक्ष में अपने रॉकेटों से सैटेलाइट भेजती है। एलन मस्क के भेजे सैटेलाइट दुनिया के तमाम देशों में इंटरनेट सेवा भी दे रहे हैं। इन सब काम के बाद अब एलन मस्क के एक्स ने मनी ट्रांसफर का काम भी शुरू करने का फैसला किया है। एलन मस्क की कंपनी ने एक्स मनी सेवा शुरू करने का एलान किया है। एक्स मनी के जरिए पी2पी यानी पीयर टू पीयर तरीके से पैसा भेजने और लेने की सुविधा शुरू होने जा रही है।
एक्स मनी के बारे में एक्स की सीईओ लिंडा याकरिनो ने बताया कि इसका इस्तेमाल करने वाले अपने बैंक खाते से डिजिटल वॉलेट में रकम भेज सकेंगे। फिर इस रकम को एक्स मनी में शामिल किसी और वॉलेट में भेजा जा सकेगा। एक्स मनी ने इसके लिए नामचीन अमेरिकी कंपनी वीजा के साथ टाइअप किया है। लिंडा ने कहा कि एक्स मनी के लिए इस साल के अंत से सपोर्ट देना शुरू होगा। वीजा डायरेक्ट के जरिए लोग अपने एक्स वॉलेट को जोड़ सकेंगे और रकम भेजने या लेने का काम आसानी से कर सकेंगे। अभी ये नहीं बताया गया है कि रकम ट्रांसफर करने के इस काम के लिए एलन मस्क की कंपनी कितनी फीस लेगी।
एक्स मनी के बारे में बताया गया है कि इसका इस्तेमाल करने वाले अपने डेबिट कार्ड को मनी ट्रांसफर खाते से भी जोड़ सकेंगे। ऐसा कर लोग सीधे रकम भेज सकेंगे। इसके अलावा एक्स वॉलेट से बैंक के खाते में रकम भेजने का विकल्प भी मिलेगा। वहीं, वीजा ने कहा है कि अमेरिका में एक्स मनी खातों का इस्तेमाल करने वाले रियल टाइम पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे।
