June 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एलन मस्क को झटका, भारत ने स्टारलिंक को उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवा देने की मंजूरी रोकी

नई दिल्ली। एलन मस्क को भारत में जोर का झटका लगा है। भारत सरकार ने एलन मस्क की स्टारलिंक को उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवा शुरू करने संबंधी मंजूरी रोक दी है। ब्लूमबर्ग ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी। मीडिया आउटलेट ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि ईरान के खिलाफ जारी युद्ध में एलन मस्क की स्टारलिंक के टर्मिनलों के इस्तेमाल की आशंका के कारण भारत सरकार ने इंटरनेट सेवा शुरू न करने का फैसला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने स्टारलिंक की उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवा के लिए मंजूरी देने से इनकार किया।

ईरान में इंटरनेट पर रोक के बाद भी स्टारलिंक के टर्मिनलों का इस्तेमाल कर ये सेवा कुछ लोग हासिल करते रहे। जबकि, एलन मस्क की कंपनी के पास ईरान में उपग्रह के जरिए इंटरनेट देने का लाइसेंस तक नहीं है। इससे कानून और व्यवस्था की स्थिति खराब होने का खतरा पैदा हुआ। इससे पहले चीन ने भी एलन मस्क की स्टारलिंक को अपने देश में सेवा देने से दूर रखा था। एलन मस्क की स्टारलिंक को भारत में कई स्तरों से मंजूरी मिल गई थी, लेकिन ताजा हालात में उसकी इंटरनेट सेवा फिलहाल शुरू नहीं हो सकेगी। जबकि, स्टारलिंक ने उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवा देने के लिए भारत में अपने स्टोर भी बनाने शुरू कर दिए थे।

एलन मस्क की स्टारलिंक ने धरती की निचली कक्षा में सैकड़ों उपग्रह भेज रखे हैं। इन उपग्रहों के जरिए ही कंपनी इंटरनेट सेवा देती है। स्टारलिंक का इंटरनेट हासिल करने के लिए एक छोटा टर्मिनल लेना होता है। जिसके जरिए पहाड़ से लेकर जंगल और शहर से गांव तक आसानी से इंटरनेट सेवा ली जा सकती है। स्टारलिंक की ओर से कई एयरलाइंस के विमानों में भी इंटरनेट सेवा दी जाती है। भारत इंटरनेट का बड़ा बाजार है। ऐसे में एलन मस्क की स्टारलिंक के लिए यहां सेवा शुरू करना फायदे का सौदा बनने की उम्मीद थी, लेकिन अब सरकार की ओर से मंजूरी न मिलने के कारण मुश्किल खड़ी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *