April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आज से कनाडा, मेक्सिको पर 25 और चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगाएंगे डोनाल्ड ट्रंप, तीनों देशों की तरफ से भी प्रतिक्रिया के आसार

वॉशिंगटन। कनाडा और मेक्सिको पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 25 फीसदी और चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगाने का फैसला किया है। कनाडा, मेक्सिको और चीन पर ये टैरिफ आज से लागू होगा। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने तीनों देशों पर टैरिफ लगाने की पुष्टि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। कैरोलिन लेविट ने कहा कि कनाडा, मेक्सिको और चीन पर ट्रंप प्रशासन ने टैरिफ लगाने का इसलिए फैसला किया है, क्योंकि चीन अवैध फेंटेनाइल का स्रोत है और इससे अमेरिका में लाखों लोगों की जान गई है। डोनाल्ड ट्रंप ने 20 जनवरी को अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद कनाडा, मेक्सिको और चीन पर टैरिफ लगाने का वादा किया था।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि कनाडा और मेक्सिको को टैरिफ में छूट का कोई फैसला नहीं हुआ है। वैसे डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वो कनाडा और मेक्सिको से आयात किए जाने वाले तेल पर टैरिफ में छूट दे सकते हैं। अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में कनाडा से 46 लाख बैरल और मेक्सिको से 563000 बैरल कच्चा तेल खरीदा था। अब अगर डोनाल्ड ट्रंप कनाडा, मेक्सिको और चीन पर टैरिफ लगाते हैं, तो तीनों देशों की तरफ से पलटवार कर अमेरिका के उत्पादों पर टैरिफ लगाने का एलान किया जा सकता है।

डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से टैरिफ लगाने का एलान होने के बाद कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि अमेरिका के ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ कनाडा भी उचित कदम उठाएगा। जस्टिन ट्रूडो ने ये भी कहा था कि कनाडा की आर्थिक हालत ठीक रखने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। वहीं, मेक्सिको ने भी ट्रंप की ओर से अवैध प्रवासियों को वापस करने के फैसले पर कड़ा रुख अपनाया हुआ है। जाहिर है कि मेक्सिको भी ट्रंप के टैरिफ पर कोई कदम उठाएगा। चीन भी अमेरिका के सामान पर टैरिफ लगा सकता है। इससे तमाम चीजें महंगी होने के आसार हैं। ट्रंप ने ये धमकी भी दी है कि अगर ब्रिक्स देशों ने डॉलर को अमान्य करने की कोशिश की, तो इस संगठन के देशों पर भी वो टैरिफ लगाएंगे। बता दें कि ब्रिक्स देशों में भारत भी शामिल है।