April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में 2 डिप्टी सीएम बना सकता है बीजेपी नेतृत्व, 16 फरवरी को विधायक दल की बैठक संभव

नई दिल्ली। बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 जीत लिया। बीजेपी ने दिल्ली की सत्ता पर 10 साल से काबिज अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को पटकनी दी है। वहीं, कांग्रेस को पिछली 2 बार की तरह इस बार भी 0 सीट मिली है। अब सबकी नजर इस पर है कि बीजेपी किसे दिल्ली का सीएम बनाती है। दिल्ली के सीएम की रेस में प्रवेश वर्मा समेत कई नाम बताए जा रहे हैं। इस बीच, खबर ये भी है कि दिल्ली में बीजेपी 2 डिप्टी सीएम भी बना सकती है। ताकि राजधानी में अलग-अलग तबकों को सरकार में अहम प्रतिनिधित्व दिया जा सके।

दिल्ली बीजेपी सूत्रों के मुताबिक बीजेपी के विधायक दल की बैठक 16 फरवरी को होने की संभावना है। पीएम नरेंद्र मोदी अभी विदेश दौरे पर हैं। मोदी के लौटने के बाद विधायक दल की बैठक में सीएम और डिप्टी सीएम के लिए नाम तय होंगे। फिर इन नामों को बीजेपी के पर्यवेक्षक केंद्रीय नेतृत्व को भेजेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और अन्य बड़े नेता इसके बाद अंतिम फैसला कर दिल्ली के लिए सीएम और डिप्टी सीएम के नामों को हरी झंडी दिखाएंगे। जानकारी ये भी मिल रही है कि बीजेपी की सरकार के शपथग्रहण के बाद पहली कैबिनेट बैठक में अहम फैसले किए जाने हैं।

फिलहाल खबर ये है कि केंद्र सरकार पीएम मोदी की इच्छा के मुताबिक दिल्ली में यमुना को साफ करने के लिए मैदान में उतर चुकी है। पीएमओ की तरफ से दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी और अन्य अफसरों के साथ यमुना को साफ करने पर बैठक हुई है। पीएमओ ने दिल्ली सरकार के अफसरों से रिपोर्ट मांगी है। जिसमें बताया जाएगा कि यमुना नदी आखिर प्रदूषित क्यों हो रही है। फिर खुद पीएम मोदी और उनके अफसर तय करेंगे कि दिल्ली में यमुना को साफ करने और इसके तटों का सौंदर्यीकरण के काम को किस तरह जल्दी किया जाए। इसके लिए साबरमती रिवरफ्रंट अथॉरिटी की मदद भी लेने की तैयारी है।