April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 26 फरवरी तक नहीं मिलेंगे प्लेटफॉर्म टिकट, भगदड़ में 18 यात्रियों की मौत के बाद फैसला

नई दिल्ली। राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ में 18 यात्रियों की मौत के बाद कई अहम फैसले लिए गए हैं। इन फैसलों के तहत 26 फरवरी तक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद कर दी गई है। साथ ही प्रयागराज जाने वाली सभी ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर 16 से ही चलाने का फैसला किया गया है। रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की जांच के लिए 2 सदस्यों की कमेटी पहले ही बनाई थी। इस कमेटी की रिपोर्ट आज या कल आने की उम्मीद है। कमेटी बताएगी कि आखिर किस वजह से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची और इसमें रेलवे का कोई कर्मचारी दोषी है या नहीं।

इससे पहले रविवार को उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने दावा किया था कि भगदड़ की रात न तो कोई ट्रेन लेट या कैंसल हुई और न ही किसी ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदला गया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने भगदड़ की प्रारंभिक जांच के बाद कहा था कि मिलते-जुलते नाम की दो ट्रेनों के अनाउंसमेंट के कारण यात्रियों में कन्फ्यूजन पैदा हुआ और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की आपाधापी के कारण भगदड़ मची। जबकि, कई यात्रियों ने आरोप लगाया था कि ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदलने की घोषणा नई दिल्ली स्टेशन पर की गई थी।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अब हालात नियंत्रण में हैं। यहां बड़ी तादाद में आरपीएफ को तैनात किया गया है। जबकि, दिल्ली पुलिस ने भी यात्रियों को नियंत्रित करने के लिए अपने 6 अफसर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैनात किए हैं। इससे पहले भी रेलवे छठ पूजा के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन समेत राजधानी के सभी स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद करता रहा है। इसकी वजह पहले हुए हादसे हैं। खबर ये भी है कि प्रयागराज में संगम स्टेशन को भी 28 फरवरी तक रेलवे ने बंद कर दिया है। प्रयागराज और आसपास के अन्य स्टेशन खुले हैं। साथ ही यात्रियों की भीड़ देखते हुए प्रयागराज के लिए और ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।