April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

इंडियाज गॉट लैटेंट शो विवाद मामले में राखी सावंत को समन, होगी पूछताछ

नई दिल्ली। इंडियाज गॉट लैटेंट शो को लेकर जारी विवाद मामले में अब राखी सावंत को समन भेजा गया है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने राखी सावंत को 27 फरवरी को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। इस शो के एक एपिसोड में राखी सावंत भी बतौर जज शामिल हुई थीं। राखी सावंत वाले शो के भी वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे। बता दें कि कंट्रोवर्सी के बाद राखी सावंत ने रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना का बचाव भी किया था। मुंबई पुलिस ने शो को लेकर कंट्रोवर्सी मामले में 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

मुंबई पुलिस ने 24 फरवरी को रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मखीजा और आशीष चंचलानी को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है। अपूर्वा मखीजा के बयान पुलिस पहले भी दर्ज कर चुकी है। हालांकि रणवीर इलाहाबादिया को दो बार समन भेजा जा चुका है मगर वो अभी तक पेश नहीं हुए हैं। रणवीर मुंबई स्थित घर पर ताला डालकर और मोबाइल स्विच ऑफ कर कहीं अंडर ग्राउंड हो गए थे। रणवीर ने अपने बचाव में वीडियो जारी करते हुए कहा था कि वो भागे नहीं है बल्कि डरे हुए हैं। रणवीर ने सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी डाली थी जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है, हालांकि कोर्ट ने रणवीर को उनकी आपत्तिजनक बयानबाजी के लिए जमकर फटकार लगाते हुए कहा था कि इनके दिमाग में गंदगी भरी है।

मुंबई साइबर सेल ने कॉमेडियन समय रैना को भी बयान दर्ज करने के लिए समन जारी किया था। समय ने देश से बाहर होने की बात कहते हुए व्यक्तिगत तौर पर पेश होने से छूट मांगी थी वीडियो कॉल से बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया था मगर उनका वो अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया। अब समय को 11 मार्च को व्यक्तिगत तौर पर पेश होकर बयान दर्ज कराना है।