February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक मामले में क्यों हो रहा प्रीति जिंटा का जिक्र? कांग्रेस ने लगाए हैं आरोप

नई दिल्ली। कांग्रेस की केरल इकाई ने एक मीडिया रिपोर्ट के आधार पर आरोप लगाया है कि मुंबई के न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक से बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने 18 करोड़ का लोन लिया था जो माफ कर दिया गया। यह वही बैंक है जिस पर 122 करोड़ रुपए के घोटाला मामले में आरबीआई ने 6 महीने के लिए बैन लगाया है। इतना ही नहीं कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि प्रीति जिंटा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट को हैंडल करने का अधिकार बीजेपी को दे दिया है। वहीं इस मामले में कांग्रेस के आरोपों पर प्रीति जिंटा ने भी अपना पक्ष रखा है।

अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया के माध्यम से ही कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए लिखा, मैं अपना सोशल मीडिया अकाउंट खुद ऑपरेट करती हूं। किसी ने मेरा कोई लोन माफ नहीं किया। 10 साल पहले लोन को पूरी तरह से चुकाया जा चुका है। प्रीति ने नाराजगी जताते हुए लिखा, फर्जी खबरों को बढ़ावा देने के लिए आप पर शर्म आती है। मैं हैरान हूं कि एक राजनीतिक दल या उनका प्रतिनिधि मेरे नाम और छवि का उपयोग करके फर्जी खबरों को बढ़ावा दे रहा है। यह एक घृणित कार्य है। केरल कांग्रेस का कहना है कि न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक के खाता धारक अपने जमा पैसे के लिए सड़कों पर हैं और प्रीति जिंटा का लोन बट्टे खाते में डाल दिया गया।

आपको बता दें कि मुंबई के न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक में वित्तीय अनियमितता उजागर होने के बाद रिजर्व बैंक ने इसके द्वारा किए जाने वाले सभी प्रकार के लेन देन पर रोक लगा दी है। इस मामले में बैंक के पूर्व सीईओ अभिमन्यु भोअन समेत कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। हालांकि कल ही रिजर्व बैंक ने बैंक धाताधारकों को राहत देते हुए उनको अपने खाते से 25000 रुपए निकालने की छूट दे दी है।

You may have missed